जीओ गीता की तैयारियों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने दिया हर संभव सहयोग का आश्वासन : डॉ. टंडन

2,064

नई दिल्ली

युवाओं को सुसंस्कारों तथा सकारात्मक ऊर्जा जोडऩे के लिए प्रति वर्ष आयोजित किए जाने वाले गीता जयंती की तैयारियां जोरो पर हैं। आगामी गीता जयंती के अवसर पर हमेशा की तरह देश-विदेश में एक साथ एक मिनट गीता पाठ के आयोजन तो होंगे ही, गीता मनीषी पूज्य स्वामी ज्ञानानंद जी के सान्निध्य में राजधानी दिल्ली में विशाल आयोजन होने जा रहा है। इस विषय पर चर्चा के लिए बुधवार को दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में जीओ गीता दिल्ली के प्रान्त प्रमुख डॉ वेद टंडन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर उन्हें गीता भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नेशनल वाइस चेयरमैन सत्यभूषण जैन और समाजसेवी विनोद कुमार भी मौजूद रहे। टम्टा ने इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रकट करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बता दें कि डॉ वेद टंडन अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव आयोजन समिति के भी अध्यक्ष है, इसलिए स्कूली छात्रों की इस अनूठी रामलीला पर चर्चा हुई तो उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव आयोजन समिति की स्मारिका भी भेंट की।
डॉ. टंडन के अनुसार बदलते परिवेश में युवाओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है जिसे अनेक बार निराशा और अवसाद उनके मन मस्तिष्क में अपना स्थान बना लेता है। युवाओं को ऐसी स्थिति से बचाने और उनमें सुसंस्कारों तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए आयोजित इस गीता युवा शिखर सम्मेलन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विभूतियां भी भाग लेगी। डॉ टंडन के अनुसार गीता युवा शिखर सम्मेलन की तैयारी लंबे समय से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण के श्रीमुख से प्रवाहित ज्ञान गंगा श्रीमद् भगवत गीता भारतीय ज्ञान परंपरा की श्रेष्ठ प्रतिनिधि के रूप में पूरे विश्व में प्रतिष्ठित है।

Comments are closed.