मौलाना आज़ाद के नाम पर हो उर्दू पार्क का नाम, सौंदर्यीकरण की भी मांग
मजार के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग, जयंती पर फातिहा ख्वानी कर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली।
मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन दिल्ली स्टेट की ओर से बुधवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शेख अलीमुद्दीन असदी के नेतृत्व में सुबह 7:30 बजे फातिहा ख्वानी की गई। इस दौरान मौलाना आज़ाद के देश और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में भारत सरकार के योजना आयोग की पूर्व सदस्य सैयदा हमीद, डॉ. सैयद अहमद खान, फिरोज बख्त अहमद, जलालुद्दीन जलाली, नूरुन्नबी खान, एडवोकेट आफताब आलम खान, शोएब खान, मोहम्मद इमदादुल्लाह, मौलाना अता-उर-रहमान कासमी, एडवोकेट मोहम्मद अक़रम, एडवोकेट शाह जबीं काज़ी और काज़ी अब्दुल बासित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर सर्वसम्मति से मांग की गई कि मौलाना आज़ाद के मजार के आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही, मजार के निकट स्थित ऐतिहासिक उर्दू पार्क का नाम बदलकर ‘मौलाना आज़ाद उर्दू पार्क’ रखा जाए। संगठन ने पार्क की बदहाल स्थिति को सुधारने और उसके समुचित सौंदर्यीकरण की भी मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी थे। देश के निर्माण और शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। ऐसे राष्ट्रीय व्यक्तित्व के मजार का उचित रखरखाव नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मजार और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई के साथ पार्क का विकास किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी मौलाना आज़ाद के विचारों और योगदान से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में मौलाना फिरोज अख्तर कासमी, इदरीस नाइकवाड़ी, संजय वेदी, मोहम्मद फरहान, इसरार अहमद उजैनी और शारिक अली सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Comments are closed.