उर्दू को सिर्फ बोलने तक सीमित न रखें, नई पीढ़ी को पढ़ना-लिखना भी सिखाएं: डॉ. सैयद अहमद खान
विश्व उर्दू दिवस पर गालिब अकादमी में समारोह, देशभर की 30 प्रमुख हस्तियां सम्मानित
नई दिल्ली।
विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन और ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस की ओर से गालिब अकादमी, बस्ती हजरत निजामुद्दीन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। ‘उर्दू लिपि को प्रचलित करना’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों ने उर्दू भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। इस मौके पर देशभर से चयनित करीब 30 प्रमुख हस्तियों को स्मृति चिह्न, शॉल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार एवं विद्वान प्रोफेसर अब्दुल हक ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना हकीम मुर्तजा देहलवी ने कुरआन की तिलावत से किया। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान ने कहा कि उर्दू लिपि को प्रचलित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उर्दू भाषा को केवल बोलने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि नई पीढ़ी में इसे पढ़ने और लिखने की आदत भी विकसित करनी होगी। इसके लिए बच्चों को अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना जरूरी है।
प्रोफेसर अब्दुल हक ने कहा कि उर्दू हमारी तहजीब, संस्कृति और साझा विरासत की पहचान है। नई पीढ़ी को इस भाषा के महत्व से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अल्लामा इकबाल ने अपनी शायरी के माध्यम से उर्दू को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। अरबी के बाद इस्लाम का बड़ा इल्मी साहित्य उर्दू में मौजूद होना भी इस भाषा की समृद्धि का प्रमाण है।
मासूम मुरादाबादी ने कहा कि उर्दू की तरक्की के लिए केवल बातें करने के बजाय व्यावहारिक प्रयास करने होंगे। जब तक नई पीढ़ी उर्दू पढ़ने और लिखने की आदत नहीं अपनाएगी, तब तक इसका वास्तविक विकास संभव नहीं है। शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को इस दिशा में आगे आना चाहिए।
तहसीन अली आसारवी ने कहा कि उर्दू के प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, पुस्तकों और आधुनिक संचार माध्यमों का अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए। बच्चों को उर्दू पढ़ने-लिखने के लिए प्रोत्साहित करना भी जरूरी है।
उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन की अध्यक्ष डॉ. अरीज़ा अहमद खान ने कहा कि संगठन की ओर से नौ नवंबर को विश्व उर्दू दिवस मनाने की परंपरा लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1997 में प्रख्यात पत्रकार महफूजुर्रहमान ने हिंदी दिवस की तर्ज पर उर्दू दिवस मनाने की पहल की थी। इसके बाद अल्लामा इकबाल के जन्मदिवस नौ नवंबर को उर्दू दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई, जो धीरे-धीरे देशव्यापी पहचान बन गई।
समारोह में वक्ताओं ने उर्दू भाषा के ऐतिहासिक महत्व, वर्तमान चुनौतियों और इसके संरक्षण की जरूरत पर विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. सैयद अहमद खान, इमरान कन्नौजी, हकीम मुर्तजा, डॉ. गयास, डॉ. शकील अहमद और एडवोकेट शाह जबी काजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Comments are closed.