नेशनल फार्मेसी वीक: बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक न लें, AMR पर लगेगी रोक- सुनील यादव

फार्मेसी छात्रों को जागरूकता का अग्रदूत बनने का आह्वान, TRC कॉलेज में फार्मेसी वीक पर हुआ मंथन

16

Lucknow: एंटीबायोटिक का अनावश्यक एवं अनियमित उपयोग, संक्रमण की रोकथाम में लापरवाही और दवाओं के प्रति जागरूकता का अभाव आज वैश्विक स्वास्थ्य के सामने गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि अभी से सावधानी नहीं बरती गई तो भविष्य में सामान्य संक्रमण, छोटी सर्जरी और मामूली बीमारियों का उपचार भी अत्यंत कठिन हो सकता है।

सुनील यादव ने TRC महाविद्यालय में आयोजित उद्घाटन सत्र को किया संबोधित

Lucknow
Lucknow

यह विचार स्टेट फार्मेसी काउंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन एवं फार्मासिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने नेशनल फार्मेसी वीक 2026 के अवसर पर TRC महाविद्यालय में आयोजित उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

फार्मेसी क्षेत्र की भूमिका को जनस्वास्थ्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर

उन्होंने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक मनाए जा रहे 65वें नेशनल फार्मेसी वीक का आयोजन फार्मेसी क्षेत्र की भूमिका को जनस्वास्थ्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस वर्ष भारतीय फार्मास्युटिकल एसोसिएशन की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Future” है, जबकि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने इसके अभियान को “स्वस्थ भारत: Combating Antimicrobial Resistance (AMR)” से जोड़ा है।

प्रभावी रहने वाली दवाएं अपना असर खोने लगती हैं…!

सुनील यादव ने कहा कि AMR वह स्थिति है जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों में बदलाव होने के कारण उन पर प्रभावी रहने वाली दवाएं अपना असर खोने लगती हैं। इसके परिणामस्वरूप संक्रमण का उपचार कठिन, लंबा और महंगा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों में उपयोगी होती हैं, सामान्य वायरल सर्दी-जुकाम और फ्लू में इनका कोई लाभ नहीं होता।

बिना सलाह एंटीबायोटिक लेना AMR की समस्या को बढ़ावा देना है

उन्होंने कहा कि चिकित्सक की सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेना, निर्धारित खुराक एवं अवधि का पालन न करना, बची हुई दवाओं का दोबारा उपयोग करना और दूसरों की दवाएं लेना AMR की समस्या को बढ़ावा देता है।

फार्मासिस्ट एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्यकर्मी

फार्मेसी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि मरीजों को औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग के प्रति शिक्षित करने वाला महत्वपूर्ण स्वास्थ्यकर्मी है।

AMR की रोकथाम में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका

Lucknow
Lucknow

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि AMR की रोकथाम में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। नियमित हाथ धोना, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ भोजन, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, उचित सैनिटेशन और समय से टीकाकरण संक्रमण की संभावना को कम करते हैं।

फार्मासिस्ट फेडरेशन की ओर से आमजन के लिए प्रमुख अपील:

1. चिकित्सक की सलाह और वैध नुस्खे के बिना एंटीबायोटिक का सेवन न करें।

2. सर्दी-जुकाम, खांसी एवं वायरल बुखार में स्वयं एंटीबायोटिक न लें।

3. चिकित्सक द्वारा निर्धारित खुराक और उपचार अवधि का पालन करें।

4. बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं का दोबारा उपयोग या दूसरों के साथ साझा न करें।

5. नियमित रूप से साबुन से हाथ धोएं तथा स्वच्छता बनाए रखें।

6. बच्चों और वयस्कों का आवश्यक टीकाकरण समय से कराएं।

7. पशुओं में एंटीबायोटिक का उपयोग केवल पशु चिकित्सक की सलाह पर करें।

8. दवाओं एवं मेडिकल अपशिष्ट का उचित निस्तारण करें।

AMR की चुनौती से निपटने के लिए One Health दृष्टिकोण अपनाने की अपील

फार्मासिस्ट फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार ने कहा कि मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसलिए AMR की चुनौती से निपटने के लिए One Health दृष्टिकोण अपनाना होगा।

AMR पर विभिन्न शैक्षणिक, जागरूकता एवं वेबिनार आयोजित

फेडरेशन की साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन प्रोफेसर हरलोकेश ने बताया कि फेडरेशन द्वारा AMR विषय पर विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रम, जागरूकता गतिविधियां एवं वेबिनार आयोजित किए जा रहे हैं।

सुनील यादव की विशेष अपील

Lucknow
Lucknow

अंत में सुनील यादव ने कहा कि “आज यदि हम एंटीबायोटिक का दुरुपयोग रोकेंगे, स्वच्छता अपनाएंगे और संक्रमण की रोकथाम को अपनी आदत बनाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रभावी दवाओं को सुरक्षित रख सकेंगे।”

Comments are closed.