विश्व उर्दू पुरस्कार 2026 का ऐलान: डॉ. इदरीस अहमद को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस समारोह में होंगे पुरस्कार प्रदान, हादी पब्लिकेशंस को प्रकाशन सम्मान

5,032

नई दिल्ली, 28 जुलाई
विश्व उर्दू दिवस आयोजन समिति ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित विश्व उर्दू पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड उर्दू भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार में लगभग चार दशकों से सक्रिय तथा ग़ालिब इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. इदरीस अहमद को प्रदान किया जाएगा।
प्रोफेसर अब्दुल हक़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 9 नवंबर को अल्लामा मोहम्मद इक़बाल की जयंती के अवसर पर आयोजित विश्व उर्दू दिवस समारोह में उर्दू भाषा, साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा, शोध और सामाजिक सौहार्द के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के संयोजक डॉ. सैयद अहमद ख़ाँ ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार जलालुद्दीन असलम, सुहैल अंजुम और जावेद अख्तर की सदस्यता वाली पुरस्कार समिति ने विभिन्न श्रेणियों के लिए देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों का चयन किया है।
इस वर्ष साहित्य के लिए डॉ. दबीर अहमद, शायरी के लिए प्रोफेसर सैयद आल ज़फ़र, उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए न्यूयॉर्क के रईस वारसी, भाषा एवं साहित्य के लिए डॉ. चौबदार मोहम्मद शफ़ी अब्दुल सत्तार तथा साहित्य के लिए डॉ. ख़बीब अहमद को सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकारिता क्षेत्र में डॉ. सैयदा शमा अफ़रोज़ ज़ैदी, अब्दुल रशीद, सईद अहमद, डॉ. ज़की तारिक़, मंजीत भावड़िया मजीद, अब्दुल अज़ीम मदनी झंडानगरी और दूरदर्शन के डॉ. मोहम्मद शमीम अख़्तर को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसी क्रम में दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार शर्मा को ‘मुंशी प्रेमचंद विश्व उर्दू पुरस्कार’ से सांप्रदायिक सौहार्द एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
प्रकाशन के क्षेत्र में इस वर्ष का मुंशी नवल किशोर विश्व उर्दू पुरस्कार झारखंड के रांची स्थित हादी पब्लिकेशंस को दिया जाएगा। यह संस्थान पिछले करीब 30 वर्षों से उर्दू माध्यम की प्राथमिक से हाई स्कूल स्तर तक की पुस्तकें प्रकाशित कर रहा है।
डॉ. सैयद अहमद ख़ाँ ने बताया कि सभी पुरस्कार नवंबर में नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किए जाएंगे। विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर इस वर्ष प्रकाशित होने वाली स्मारिका प्रतिष्ठित साहित्यकार मोहम्मद हामिद अली के जीवन और योगदान पर केंद्रित होगी।
गौरतलब है कि उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन और यूनाइटेड मुस्लिम्स ऑफ इंडिया के तत्वावधान में वर्ष 1997 में नई दिल्ली से शुरू हुआ यह आयोजन आज विश्व उर्दू दिवस के रूप में भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ दुनिया के कई देशों में भी मनाया जाता है।

Comments are closed.