उत्तर रेलवे के GM ने DRM संग किया वाराणसी एवं काशी स्टेशनों का निरीक्षण
यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
Lucknow/Varanasi: उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने बुधवार को वाराणसी क्षेत्र के स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई तथा स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर लखनऊ मंडल के DRM सुनील कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। यह जानकारी सीनियर DCM समर्थ गुप्ता ने दी।
सबसे पहले काशी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण

समर्थ गुप्ता के मुताबिक, GM एवं DRM ने सबसे पहले काशी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कॉनकोर्स तथा नए स्टेशन भवन की संरचना का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, भवन की संरचना तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
GM ने की कार्यों की प्रगति की समीक्षा

स्टेशन पुनर्विकास के अंतर्गत बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसर को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।इसके बाद महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म, यात्री आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया।
यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने के महत्व पर जोर

स्टेशन पर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने और यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने के महत्व पर ध्यान दिया गया। साथ ही स्टेशन परिसर की समग्र व्यवस्था का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण में ये सभी रेल अफसर रहे शामिल

निरीक्षण के दौरान ADRM वाराणसी बी.के. यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव एवं स्टेशन निदेशक वाराणसी अर्पित गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments are closed.