यूपी में 40 चैरिटेबल ब्लड सेंटरों की जांच, 7 पर तत्काल रोक
लखनऊ के तीन, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर और लखीमपुर खीरी के एक-एक रक्त केंद्र पर कार्रवाई
Lucknow: मरीजों को सुरक्षित ब्लड उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। FSDA आयुक्त के निर्देश पर 10 जिलों में चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित 40 ब्लड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया।
अन्य केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी

गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 7 सेंटरों में रक्त और रक्त घटकों से जुड़ी सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगा दी गई है। अन्य केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता जैसे मानकों की जांच
अभियान में औषधि निरीक्षकों की अंतरजनपदीय टीम ने रक्त की गुणवत्ता, अनिवार्य संक्रमण जांच (ELISA), कोल्ड चेन, स्टॉक प्रबंधन, मूल्य निर्धारण और प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता जैसे मानकों की जांच की।
कहां-कहां हुई जांच
लखनऊ में सबसे अधिक 13, आगरा में 5, कानपुर में 5, मुजफ्फरनगर में 4, बिजनौर में 4, अलीगढ़ में 3, गाजियाबाद और वाराणसी में 2-2 तथा गोरखपुर और प्रयागराज में 1-1 सेंटर का निरीक्षण किया गया।
क्या-क्या खामियां मिलीं
कई सेंटरों पर बिना अनिवार्य ELISA और TTI जांच के रक्त जारी करना, HIV, HBsAg, HCV, VDRL और मलेरिया जांच में लापरवाही, तापमान लॉग और स्टॉक रजिस्टर का सही रखरखाव न होना, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और तकनीकी स्टाफ की अनुपस्थिति जैसी गंभीर खामियां मिलीं।
इन 7 सेंटरों पर लगी रोक
1. श्री बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, आगरा: बिना ELISA और स्टरलिटी टेस्ट रक्त जारी, रक्त प्राप्तकर्ता का पूरा विवरण दर्ज नहीं, तापमान लॉग में गड़बड़ी।
2. न्यू बापू रक्त सेंटर, अलीगढ़: TTI जांच और CPDA सॉल्यूशन प्रक्रिया में कमी, ELISA नहीं, तकनीकी स्टाफ और दस्तावेजों में खामी।
3. मानया चैरिटेबल ब्लड सेंटर, गोरखपुर: प्रभारी डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित, तापमान रिकॉर्ड और अभिलेख अधूरे।
4. अनुभव चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखीमपुर खीरी: बायोमेडिकल वेस्ट का अनुबंध नहीं, तापमान अलार्म सिस्टम खराब, स्टॉक रजिस्टर गायब।
5. लिटिल स्टार ब्लड सेंटर, लखनऊ: प्रभारी डॉक्टर लंबे समय से अनुपस्थित, ELISA मशीन खराब होने के बावजूद रक्त जारी, FFP में RBC अंश मिले।
6. रामा चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखनऊ: बिना ELISA रक्त जारी, FFP को प्लेटलेट एजिटेटर में रखना, निर्धारित से अधिक शुल्क वसूलना, स्टाफ अनुपस्थित।
7. KHS चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखनऊ: प्रभारी डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ अनुपस्थित, मास्टर और ELISA रजिस्टर अपडेट नहीं, साफ-सफाई खराब।
रक्त के सुरक्षित निस्तारण के लिए सभी DM को एडवाइजरी जारी
UPFSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, रोक वाले सेंटरों में मौजूद रक्त के सुरक्षित निस्तारण के लिए सभी जिलाधिकारियों को एडवाइजरी जारी की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Comments are closed.