Lucknow: चारबाग स्टेशन पर ₹84,600 की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर भी गिरफ्तार

पूरी खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की थी तैयारी

13

Lucknow: चारबाग स्टेशन पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हरियाणा में बने 54 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस शराब को हरियाणा से खरीदकर सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ लाया गया था। यहाँ से इस पूरी खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने की तैयारी थी।

सुरक्षा कर्मियों की CCTV पर थी नजर

सीनियर DCM समर्थ गुप्ता के मुताबिक, 09 सितंबर बुधवार को चारबाग स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों की नज़र CCTV कैमरों पर थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक भारी-भरकम ट्रॉली बैग लेकर स्टेशन परिसर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर ऑन-ड्यूटी स्टाफ को तुरंत अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट, CIB एवं, GRP की संयुक्त टीम ने 2nd क्लास बुकिंग हॉल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया।

हरियाणा में निर्मित विभिन्न ब्रांडों की कुल 54 शराब की बोतलें बरामद

समर्थ गुप्ता ने बताया कि जब आरोपियों के पास मौजूद एक ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से हरियाणा राज्य में निर्मित विभिन्न ब्रांडों की कुल 54 बोतलें अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। बरामद की गई सभी बोतलें 750 मिलीलीटर क्षमता की हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग ₹84,600 आंकी गई है।

पूरी खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने का था प्लान

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूला कि वे इस अवैध शराब को हरियाणा से खरीदकर सड़क मार्ग के जरिए लखनऊ तक लेकर आए थे। यहाँ से उनका प्लान इस पूरी खेप को ट्रेन के जरिए बिहार ले जाने का था। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ GRP थाना लखनऊ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.