त्योहारों व छुट्टियों में रेल यात्रियों को बड़ी राहत, दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी ‘स्पेशल एक्सप्रेस’ ट्रेन

समय-सारणी और सीटों की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें

8

Lucknow: त्योहारों और यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। उत्तर रेलवे ने दिल्ली से वाराणसी के बीच दोनों ओर से विशेष एक्सप्रेस ट्रेन (04032/04031) चलाने का फैसला किया है। यह जानकारी लखनऊ मंडल के सीनियर DCM समर्थ गुप्ता ने दी।

सीमित फेरों के लिए चलेगी यह ट्रेन

समर्थ गुप्ता के मुताबिक, यह ट्रेन सीमित फेरों के लिए चलेगी, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को आसानी से कन्फर्म सीट मिल सके। जानकारी के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित (AC) समेत कुल 17 कोच की सुविधा मिलेगी।

दिल्ली से वाराणसी (04032) का शेड्यूल

यह ट्रेन दिल्ली से 10 और 12 सितंबर 2026 को रात 21:10 बजे प्रस्थान करेगी। गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और अयोध्या होते हुए अगले दिन दोपहर 15:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। लखनऊ स्टेशन पर सुबह 06:30 बजे इस ट्रेन का आगमन होगा। अयोध्या कैंट पर सुबह 09:40 बजे, जौनपुर जं. पर दोपहर 13:10 बजे यह ट्रेन पहुंचेगी।

वाराणसी से दिल्ली (04031) का शेड्यूल

वापसी में यह ट्रेन वाराणसी से 11 और 13 सितंबर को रात 20:15 बजे रवाना होगी। जौनपुर, अयोध्या, लखनऊ और बरेली के रास्ते होते हुए अगले दिन सुबह 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन का जौनपुर जं. पर रात 21:18 बजे, अयोध्या पर रात 23:40 बजे आगमन होगा। जबकि देररात 02:10 बजे यह ट्रेन लखनऊ पहुंचेगी।

यात्रियों से अपील

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके या आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय-सारणी और सीटों की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।

Comments are closed.