नई दिल्ली।
AIIMS नई दिल्ली में देश में निर्मित पहला उन्नत एंडोस्कोपी तंत्र स्थापित किया गया है। इस तंत्र में आधुनिक इमेजिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे जठरांत्र संबंधी रोगों की जांच और उपचार की क्षमता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

फुजीफिल्म इंडिया ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत राजस्थान के जोधपुर में एंडोस्कोप निर्माण सुविधा स्थापित की है। कंपनी की ओर से एम्स के जठरांत्र रोग विभाग को ईपी-6000 एंडोस्कोप तंत्र सद्भावना और जरूरतमंद मरीजों की सेवा के उद्देश्य से दान किया गया है।
इस अवसर पर एम्स के निदेशक प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि भारत में एंडोस्कोप निर्माण सुविधा स्थापित होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एम्स मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक और चिकित्सकीय नवाचार को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश में निर्मित पहले एंडोस्कोप तंत्र की स्थापना से एम्स की बड़ी संख्या में मरीजों को सेवाएं देने की क्षमता बढ़ेगी।
एम्स के जठरांत्र रोग विभाग के प्रमुख डॉ. प्रमोद गर्ग ने भी इस पहल पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि नया एंडोस्कोपी तंत्र विभाग की क्षमताओं को बढ़ाएगा और अधिक मरीजों को उन्नत सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा। फुजीफिल्म इंडिया के प्रमुख वाडा सैन ने भारत में गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई।
Comments are closed.