DRM ने प्रयाग जंक्शन से माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलखंड का किया निरीक्षण

रेलखंड पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का किया आकलन

216

Lucknow: उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के DRM सुनील कुमार वर्मा ने शुक्रवार को प्रयाग जंक्शन से जंघई होते हुए माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य संरक्षा, यात्री सुविधाओं तथा इस खंड पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करना रहा।

निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

Lucknow
Lucknow

इस दौरान मण्डल रेल प्रबंधक ने जंघई से माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या 53C का जायजा लिया तथा वहाँ उपलब्ध संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी। इस मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्टेशन अपग्रेडेशन एवं अन्य निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Lucknow
Lucknow

इसके पश्चात DRM श्री वर्मा ने नीभापुर, बादशाहपुर, सुवंसा एवं गौरा स्टेशनों पर चल रहे स्टेशन अपग्रेडेशन एवं अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म विकास, यात्री शेड, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पहुँच मार्ग तथा अन्य यात्री सुविधा संबंधी कार्यों की समीक्षा की। साथ ही प्रत्येक स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा स्टेशन अधीक्षकों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं यात्री सेवा से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझा।

जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं एवं रेल विकास से संबंधित सुझावों पर की चर्चा

Lucknow
Lucknow

निरीक्षण के अगले चरण में मण्डल रेल प्रबंधक का आगमन माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन पर हुआ, जहाँ उन्होंने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पर मौजूद जनप्रतिनिधियों से भी उन्होंने संवाद स्थापित किया तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं एवं रेल विकास से संबंधित सुझावों पर चर्चा की। DRM ने माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ से प्रयाग जं. रेल मार्ग पर स्थित सेवाइत स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहाँ उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी ढाँचागत सुविधाओं का जायजा लिया।

सभी विकास एवं अपग्रेडेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

Lucknow
Lucknow

मण्डल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास एवं अपग्रेडेशन कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएँ, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर सीनियर DCM कुलदीप तिवारी समेत मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments are closed.