यूपी विधानसभा उपचुनाव: कांग्रेस ने लखनऊ पूर्वी सीट से मुकेश सिंह चौहान को बनाया प्रत्याशी

पूर्व मंत्री एवं भाजपा के विधायक आशुतोष टंडन के निधन से रिक्त हुई थी यह सीट

0 67

लखनऊ, रिपोर्टर।
यूपी महासचिव मुकेश सिंह चौहान को कांग्रेस ने लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह सीट प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा के विधायक आशुतोष टंडन के निधन से रिक्त हुई थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इस संबंध में पत्र जारी किया।
मुकेश सिंह चौहान लखनऊ नगर निगम के इस्मालगंज प्रथम वार्ड से पार्षद हैं। वह लखनऊ शहर कांग्रेस कमेटी के भी अध्यक्ष रहे हैं। गठबंधन में होने के कारण इस सीट से सपा अपना प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी। ऐसे में मुकेश सिंह चौहान कांग्रेस व सपा के साझा उम्मीदवार होंगे। इस सीट से अभी तक भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस सीट पर चुनाव लोकसभा के साथ ही होना है।

मुकेश के प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल…
2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने इस सीट से मनोज तिवारी को प्रत्याशी बनाया था, जिन्हें करीब 2 प्रतिशत वोट ही मिले थे। मुकेश सिंह चौहान बीते कई वर्षों से कांग्रेस प्रदेश संगठन में लगातार कार्य करते आ रहे हैं। पार्टी की तरफ से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। 2022 की विधानसभा चुनाव की बात करें तो लखनऊ की पूर्वी विधानसभा सीट पर सभी प्रत्याशियों ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस चुनाव में यह सीट भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष टंडन ‘गोपाल जी’ ने जीत ली थी। उन्हें इस सीट पर कुल 59.4 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे, जबकि इस सीट पर सपा के उम्मीदवार अनुराग भदौरिया को 32.7 फीसदी वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टंडन को इस सीट पर 152998 वोट मिले थे, जबकि अनुराग भदौरिया को 84197 वोट मिले थे। आशुतोष टंडन ने यह चुनाव 68731 वोट से जीत लिया था, जबकि कांग्रेस की बात करें तो इस सीट पर कांग्रेस ने मनोज तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया था, उन्हें कुल 1.74 फीसदी ही वोट मिला था। इनको मिले कुल मतों की संख्या 4485 थी, वह चौथे नंबर पर थे। जबकि, तीसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी के आशीष कुमार सिंह थे, जिन्हें 3.82 फीसदी मत मिले थे। उन्हें कुल 9834 मत प्राप्त हुए थे। चुनाव में इस विधानसभा पर कुल 277468 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.