नेहा बोहरा के खिलाफ साइबर पुलिस में शिकायत, बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन से प्रेरणा लेने की अपील का मामला

बांग्लादेश में शुरू हुआ आंदोलन लोकतांत्रिक और मतदान के अधिकारों के लिए था

5,020

नई दिल्ली।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पीएचडी छात्रा और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोहरा के खिलाफ बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन से प्रेरणा लेने संबंधी कथित बयान को लेकर साइबर पुलिस थाने में शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह पठानिया ने मंदिर मार्ग स्थित साइबर पुलिस थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173 के तहत प्रार्थना पत्र सौंपा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 14 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में नेहा बोहरा बांग्लादेश के छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए भारत के युवाओं को उससे प्रेरणा लेने और आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाने की बात कहती नजर आती हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, वीडियो में धार्मिक कट्टरवाद के खिलाफ संघर्ष का भी उल्लेख किया गया है।

प्रार्थना पत्र में वीडियो में कथित तौर पर दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि बांग्लादेश में शुरू हुआ आंदोलन लोकतांत्रिक और मतदान के अधिकारों के लिए था तथा भारत में युवाओं के आंदोलन को भी इसी संदर्भ में देखा गया है। शिकायतकर्ता ने बांग्लादेश में वर्ष 2024 के दौरान हुए घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए दावा किया है कि वहां हिंसक आंदोलन के दौरान अल्पसंख्यक हिंदुओं को भी निशाना बनाया गया था।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच करने और कथित बयान के संदर्भ में उचित कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने क्या कार्रवाई की है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। नेहा बोहरा का इस शिकायत पर पक्ष भी उपलब्ध नहीं है।

शिकायतकर्ता की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, डॉ. सैयद रिजवान अहमद की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह शिकायत दी गई। उनके दावे के अनुसार, कार्यक्रम में करीब दो से ढाई हजार लोग शामिल हुए थे और देश के विभिन्न शहरों से लोग पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों का माला पहनाकर स्वागत भी किया गया।

 

Comments are closed.