स्टेशन पर उमड़ी पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की भारी भीड़, रेलवे ने विशेष ट्रेनों का किया संचालन

इससे अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मिली सुविधा

13

Lucknow: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में मंगलवार शाम को वापसी के दौरान स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसे देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने तत्काल तीन अनारक्षित विशेष ट्रेनों का संचालन किया। इससे अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिली तथा स्टेशन पर भीड़ के सुचारु प्रबंधन में भी सहायता प्राप्त हुई।

लखनऊ से वाराणसी के लिए ट्रेन

Lucknow
Lucknow

 

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के मुताबिक, लखनऊ से वाराणसी के लिए ट्रेन (रेलगाड़ी संख्या 04206) चलाई गई, जो बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोसाईगंज, अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर एवं जफराबाद स्टेशन पर ठहराव के बाद अपने गंतव्य तक पहुंची। वहीं लखनऊ से प्रयागराज संगम के बीच (रेलगाड़ी संख्या 04208) ट्रेन का संचालन हुआ, जो बछरावाँ, हरचंदपुर , रायबरेली, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, परियावां कालाकांकर रोड, गढ़ी मानिकपुर, कुण्डाहरनामगंज, राम चौरा रोड, फाफामऊ, प्रयाग स्टेशन पर रुकते हुए संगम तक पहुंची।

लखनऊ स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था

अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए लखनऊ स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की गई। यात्रियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु होल्डिंग एरिया में एक सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया, जहां उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में सुविधा उपलब्ध कराने हेतु ATVM एवं M-UTS सेवाओं का भी प्रभावी उपयोग किया गया। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को लगातार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाती रही तथा उनके सुचारु आवागमन एवं सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

लखनऊ–कानपुर सेंट्रल के बीच विशेष ट्रेन का संचालन

यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ–कानपुर सेंट्रल विशेष ट्रेन (गाड़ी संख्या 04201) का संचालन किया गया। जिसका ठहराव लखनऊ से कानपुर सेंट्रल के बीच के सभी स्टेशनो पर रहेगा। मंडल रेल प्रबंधक संपूर्ण स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित लगातार लखनऊ स्टेशन पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं के सुचारु प्रबंधन मे लगे रहे एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन करते रहे।

24 घंटे स्थिति पर नजर

इसके अतिरिक्त मंडल कार्यालय में स्थापित विशेष नियंत्रण कक्ष (वार रूम) से वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ के कर्मचारी चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Comments are closed.