वाराणसी के पड़ाव-रामनगर मार्ग पर 30 नवंबर व 1 दिसंबर को यातायात रहेगा प्रतिबंधित

रेलवे पुल के चौड़ीकरण के चलते लिया गया फैसला

20

Varanasi/Lucknow: उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अंतर्गत वाराणसी के व्यासनगर एवं काशी स्टेशन के बीच स्थित किलोमीटर संख्या 764/13-15 पर रेलवे पुल संख्या 09 (पड़ाव-रामनगर सड़क मार्ग) के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस कार्य के तहत आरसीसी बॉक्स की कास्टिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

1 दिसम्बर को मेगा ब्लॉक, 6 घन्टे यातायात प्रतिबंधित

अब पुल पर गर्डर लॉन्चिंग एवं अन्य तकनीकी कार्य किए जाने हैं। सीनियर DCM समर्थ गुप्ता के मुताबिक, उक्त कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रेलवे द्वारा 01 दिसम्बर 2026 (मंगलवार) को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके मद्देनजर रेलवे प्रशासन द्वारा 30 नवम्बर 2026 (सोमवार) को प्रातः 11:00 से सायं 17:00 बजे तक कुल 06 घंटे के लिए पड़ाव-रामनगर सड़क मार्ग पर यातायात बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

24 घंटे तक सड़क यातायात प्रतिबंधित

इसके अतिरिक्त 01 दिसम्बर 2026 को रेलवे पुल पर कार्य के दौरान 24 घंटे तक सड़क यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में उक्त मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहनों सहित सभी प्रकार के सड़क यातायात का आवागमन प्रभावित रहेगा। समर्थ गुप्ता ने आमजन एवं वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित अवधि में उक्त मार्ग का उपयोग करने से बचें तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की आमजन से अपील

रेलवे प्रशासन द्वारा यह कार्य रेल संरक्षा एवं आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आमजन से अनुरोध है कि कार्य के दौरान यातायात संबंधी प्रतिबंधों का पालन करते हुए रेलवे प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

Comments are closed.