संविधान दिवस पर मायावती का केंद्र सरकार पर निशाना, बोलीं- सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक्की के तमाम बंद दरवाजे खुल जाते हैं

दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के आत्मसम्मान व सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया; केंद्र सरकार से आरक्षण और बुनियादी जरूरतों के प्रति जवाबदेही निभाने की मांग

71

नई दिल्ली।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संविधान दिवस के अवसर पर केंद्र और राज्य सरकारों को सामाजिक न्याय, आरक्षण और वंचित वर्गों के अधिकारों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे तरक्की और विकास के तमाम बंद दरवाजे खुल जाते हैं। इसलिए देश की आजादी के इतने वर्षों बाद भी बहुजन समाज की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

मायावती ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि देश में बहुजन समाज के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अन्य उपेक्षित वर्गों को जातिवादी तत्वों के शोषण और गुलामी जैसी परिस्थितियों से मुक्ति दिलाने के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संघर्ष किया। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक परिवर्तन और समानता के लिए समर्पित किया। इसके बावजूद इन वर्गों को उनका अपेक्षित अधिकार और सम्मान नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इस अवसर पर देश को आत्मचिंतन करना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकारों को यह बताना चाहिए कि उन्होंने आरक्षण समेत सामाजिक न्याय से जुड़े संवैधानिक दायित्वों को कितनी ईमानदारी से निभाया है। गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों के मामले में भी सरकारों को अपना हिसाब देना चाहिए।

बसपा प्रमुख ने कहा कि संविधान सभा में बाबा साहेब आंबेडकर ने अपने समापन भाषण में जातिवाद और सांप्रदायिकता को देश की एकता और प्रगति के लिए खतरनाक बताया था। इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए देश को ठोस कदम उठाने होंगे।

मायावती ने बसपा के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी ने अपने चारों शासनकाल में ‘सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलते हुए सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति का प्रयास किया। उन्होंने दावा किया कि बसपा की नीति सामाजिक समरसता, समानता और बहुजन समाज के हितों की रक्षा पर आधारित रही है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब में भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में बसपा कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और नीतियों को मजबूत करने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि विरोधी दलों और जातिवादी ताकतों की चुनौतियों के बावजूद पार्टी को अपने मिशन से पीछे नहीं हटना चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा साहेब के संविधान और सामाजिक न्याय पर आधारित व्यवस्था का सपना एक दिन जरूर साकार होगा। संदेश के अंत में उन्होंने संविधान दिवस पर देशवासियों से संविधान के मूल्यों को अपनाने और बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।

इस बीच, पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर में बसपा की पंजाब स्टेट यूनिट की ओर से संविधान दिवस पर जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Comments are closed.