दिमाग में लगेगी ‘चिप’, रोबोट करेगा सर्जरी और पार्किंसन के मरीजों को मिलेगी नई उम्मीद
एम्स में पहली बार नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के साथ डीप ब्रेन स्टिमुलेशन सर्जरी का लाइव प्रदर्शन बना आकर्षण; कृत्रिम मेधा से हुई मस्तिष्क की नसों की गतिविधियों की पड़ताल, 180 से अधिक विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा
नई दिल्ली।
शरीर कांपता है, हाथ-पैरों की गति धीमी पड़ जाती है और रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल होने लगता है। पार्किंसन जैसी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए अब दवाओं के साथ आधुनिक तकनीक भी नई उम्मीद बन रही है। इसी दिशा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में रोबोट की मदद से मस्तिष्क की सर्जरी का लाइव प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक में मरीज के मस्तिष्क के विशेष हिस्से में इलेक्ट्रोड लगाए जाते हैं, जो विद्युत संकेतों के जरिये असामान्य गतिविधियों को नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
एम्स के तंत्रिका विज्ञान और न्यूरोसर्जरी विभाग ने 25 से 28 नवंबर तक चार दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (डीबीएस) सर्जरी, कृत्रिम मेधा आधारित विश्लेषण और आधुनिक उपचार तकनीकों पर देश-विदेश के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में 180 से अधिक चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने पंजीकरण कराया।
रोबोट की मदद से मस्तिष्क तक पहुंचाए गए इलेक्ट्रोड
कार्यशाला का सबसे खास आकर्षण 25 नवंबर को हुआ रोबोट की सहायता से डीबीएस सर्जरी का सीधा प्रदर्शन रहा। एम्स के न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. शरत चंद्र ने इजराइल के प्रो. इडो स्ट्रॉस के साथ मिलकर सर्जरी की। इस दौरान प्रो. दत्तराज सावर्कर, प्रो. रमेश डोडामणि और प्रो. सतीश वर्मा भी टीम का हिस्सा रहे।
सर्जरी के दौरान माइक्रोइलेक्ट्रोड रिकॉर्डिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिये मस्तिष्क के गहरे हिस्सों में मौजूद तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया गया। खास बात यह रही कि तेल अवीव विश्वविद्यालय की डॉ. जेनेला मॉरिस ने इन संकेतों के विश्लेषण के लिए कृत्रिम मेधा आधारित तकनीक भी प्रदर्शित की। इससे मस्तिष्क में इलेक्ट्रोड लगाने के लिए सटीक स्थान की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
तीन सप्ताह पहले लगी चिप की पहली बार हुई प्रोग्रामिंग
कार्यशाला में एक मरीज के उपचार का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इस मरीज के मस्तिष्क में लगभग तीन सप्ताह पहले डीबीएस इलेक्ट्रोड लगाए गए थे। कनाडा के प्रो. रेनाटो मुनहोज और जर्मनी के प्रो. जेंस वोल्कमैन ने पहली बार इस उपकरण की प्रोग्रामिंग की। विशेषज्ञों ने बताया कि डीबीएस में केवल इलेक्ट्रोड लगाना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि मरीज की जरूरत के अनुसार उपकरण की प्रोग्रामिंग करना भी उपचार का अहम हिस्सा है।
पार्किंसन और डिस्टोनिया पर दुनिया के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
26 से 28 नवंबर तक आयोजित वैज्ञानिक सत्रों में जर्मनी और कनाडा के विशेषज्ञों ने पार्किंसन रोग और डिस्टोनिया के उपचार में डीबीएस की भूमिका पर व्याख्यान दिए। इनमें मरीजों का चयन, मस्तिष्क में इलेक्ट्रोड लगाने के उपयुक्त स्थान, उपकरण की प्रोग्रामिंग और लंबे समय तक मिलने वाले उपचार के परिणामों पर चर्चा हुई।
100 से अधिक चिकित्सकों ने सीखी इंजेक्शन लगाने की तकनीक
कार्यशाला में बोटुलिनम टॉक्सिन उपचार पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 40 मरीजों के मामलों के माध्यम से इंजेक्शन लगाने की तकनीक का प्रदर्शन किया गया और चिकित्सकों को इसका व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
एम्स की यह कार्यशाला मूवमेंट डिसऑर्डर के आधुनिक उपचार में रोबोटिक सर्जरी, कृत्रिम मेधा और न्यूरोमॉड्यूलेशन की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है। इसका आयोजन 29 नवंबर को मनाए जाने वाले विश्व मूवमेंट डिसऑर्डर दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।
Comments are closed.