दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर निगम की बसों का हो व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन: दयाशंकर सिंह

चालक एवं परिचालक यात्रियों से मृदुल व्यवहार रखें

13

Lucknow: उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने निगम के अधिकारियों को आगामी त्योहार दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर बसों को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन के संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चालक एवं परिचालक यात्रियों से मृदुल व्यवहार रखें।

मानकों को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश

मंत्री ने कहा कि वाहनों का 31 एवं 13 बिंदुओं के मानक के अनुसार भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण कराया जाए और कमियों का निराकरण/मरम्मत तत्काल कराई जाए।
मंत्री ने कहा कि फिटनेस की स्थिति में वाहनों की आउटशेडिंग कराते हुए संचालन किया जाए।

वाहनों को शत प्रतिशत संचालन के लिए हमेशा तैयार रखने के निर्देश

उन्होंने कहा कि वाहनों को ऑन रोड स्थिति में रखते हुए शत प्रतिशत संचालन हेतु हमेशा तैयार रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बसों के शीशे टूटे न हों और सीट फटी हुई न हों। मार्ग पर भेजने से पहले निरीक्षण/फिटनेस के साथ साफ-सुथरी स्थिति में बसें संचालित कराई जाएं।

बस अड्डों पर यात्रियों के लिए हो समुचित व्यवस्था 

परिवहन मंत्री ने कहा कि बस अड्डों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, सुलभ शौचालय की साफ-सफाई की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित हो। बस स्टेशनों में स्थित शौचालयों के पास चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी बसों में फर्स्ट एड किट की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्र हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखा जाए।

बस स्टेशनों पर यात्रियों से हो मृदुल व्यवहार 

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चालकों व परिचालकों और बस स्टेशनों पर तैनात स्टाफ को यात्रियों से मृदुल व्यवहार के निर्देश दिए जाएं। चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर प्रशिक्षित भी किया जाए। मार्ग पर मिलने वाले प्रत्येक यात्री को शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार करते हुए बिठाया जाए और गंतव्य स्थान पर उतारा जाए।

बस में आरक्षित सीट उपलब्ध कराने के निर्देश

उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि व दिव्यांगजन के आने पर यथासंभव बस में आरक्षित सीट उपलब्ध कराई जाए। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रतिबंधित वस्तुओं एवं ज्वलनशील पदार्थों का बसों में संचालन कदापि न हो।

सभी स्टेशनों से संचालित हों बसें

मार्ग पर पड़ने वाले सभी स्टेशनों से होकर बसें संचालित कराई जाएं। सभी चालकव परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में कार्यरत रहें। यात्री के साथ ले जाने वाले घरेलू सामान का निर्धारित मानक से अधिक भार होने पर नियमानुसार बुक करके ले जाया जाए।

Comments are closed.