MODI के 12 वर्ष पूरे होने पर सम्राट चौधरी ने PM को दी बधाई
बिहार के विकास में केंद्र के योगदान को सराहा
पटना।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत के साथ-साथ बिहार ने भी विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
सम्राट चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और शिक्षा की ऐतिहासिक भूमि रही है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालयों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार के सहयोग से नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना हुई और वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री ने इसके नए परिसर का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में सड़क, रेल, स्वास्थ्य और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। वर्ष 2015 में घोषित एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज से राज्य के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है। गंगा और कोसी नदियों पर नए पुलों के निर्माण, पांच एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं, वंदे भारत ट्रेनों, पटना मेट्रो और प्रस्तावित हाई स्पीड रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने बिहार के विकास को नई गति दी है।
उपमुख्यमंत्री ने दरभंगा में नए एम्स, नए मेडिकल कॉलेजों, हवाई अड्डों के विकास, बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई परियोजनाओं के लिए भी केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों बिहारवासियों को लाभ मिला है।
सम्राट चौधरी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा तथा विकसित भारत और समृद्ध बिहार का सपना साकार होगा।
Comments are closed.