राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में उत्कृष्ट परिवहन प्रबंधन के लिए लखनऊ मंडल को मिला सम्मान

स्काउट एंड गाइड के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान किया

222

Lucknow: राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी के दौरान देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के सुचारु एवं सुरक्षित परिवहन की सफलतापूर्वक जिम्मेदारी निभाने के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल को सम्मानित किया गया है। 14 फरवरी को लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU), साउथ सिटी में आयोजित समारोह में स्काउट एंड गाइड के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान किया।

रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है यह पुरस्कार

यह जानकारी सीनियर DCM कुलदीप तिवारी ने दी। श्री तिवारी ने बताया कि यह सम्मान न केवल मंडल की कार्यकुशलता का प्रमाण है, बल्कि बड़े आयोजनों के दौरान यात्रियों एवं प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। बता दें कि पिछले साल 23 से 29 नवम्बर, 2025 तक लखनऊ में 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी का आयोजन किया गया था।

परिवहन की जिम्मेदारी लखनऊ मंडल ने सफलतापूर्वक निभाई 

कुलदीप तिवारी ने बताया कि इस दौरान देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के सुचारु एवं सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी लखनऊ मंडल द्वारा सफलतापूर्वक निभाई गई। इस विशाल आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों के आवागमन को सुनिश्चित करने में मंडल प्रशासन ने उत्कृष्ट कार्य किया।

यात्रियों को सुरक्षित रेल सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध 

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के कुशल निर्देशन में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सुनियोजित कार्ययोजना के तहत परिवहन व्यवस्था को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया गया था। कुलदीप तिवारी ने बताया कि लखनऊ मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पित भावना के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध रहेगा।

Comments are closed.