बिहार के कुख्यात अपराधी सुरेश यादव की गोली मारकर हत्या, पश्चिम बंगाल में हुई वारदात

बिहार पुलिस के लिए लंबे समय से एक बड़ा सिरदर्द बने हुए थे सुरेश यादव

207

West Bengal/Bihar: बिहार के कुख्यात अपराधी सुरेश यादव की पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का गांव निवासी सुरेश यादव बिहार पुलिस के लिए लंबे समय से एक बड़ा सिरदर्द बने हुए थे।

लंबे समय से फरार चल रहा था सुरेश, ढूंढ रही थी पुलिस

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सुरेश पर ट्रिपल मर्डर, एक मुखिया हत्याकांड समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमें दर्ज थे। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसे तलाश रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरेश यादव अपनी पहचान छिपाकर हावड़ा में रह रहे थे। मंगलवार रात वह हावड़ा के संध्या बाजार इलाके में थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियों से छलनी कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

गोपालगंज पुलिस ने की सुरेश यादव के मारे जाने की पुष्टि

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। गोपालगंज पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सुरेश यादव की हत्या पुरानी रंजिश या आपसी गैंगवार का नतीजा हो सकती है। अपराधी बिहार का था और उसकी हत्या पश्चिम बंगाल में हुई, इसलिए गोपालगंज पुलिस ने हावड़ा पुलिस से संपर्क साधा है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है।

सुरेश यादव इतनी दूर हावड़ा में क्या कर रहे थे?

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि सुरेश यादव इतनी दूर हावड़ा में क्या कर रहे थे? वहां किन अपराधियों के साथ उनका संबंध था? साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क के बंगाल तक फैले होने की संभावना पर भी जांच चल रही है। गोपालगंज के SP अवधेश दीक्षित ने बताया कि कुख्यात अपराधी सुरेश यादव की हत्या के बाद एहतियात के तौर पर उसके गांव काकड़कुंड में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है, ताकि कोई और अप्रिय घटना ना हो सके।

पुरानी रंजिश या आपसी गैंगवार का नतीजा?

SP अवधेश दीक्षित ने बताया कि सुरेश की हत्या पुरानी रंजिश या आपसी गैंगवार का नतीजा हो सकती है। चूंकि अपराधी बिहार का था और उसकी हत्या पश्चिम बंगाल में हुई है, इसलिए गोपालगंज पुलिस ने हावड़ा पुलिस से संपर्क साधा है और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है।

Comments are closed.