आज होगी सरस्वती महाअर्चना, ब्रजेश पाठक समेत कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में होगा आयोजन
Lucknow; आशियाना स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे वर्षायोग के अंतर्गत पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में 11 अक्टूबर, रविवार को सरस्वती महाअर्चना का भव्य एवं बृहद आयोजन किया जाएगा।
हजारों जैन श्रद्धालुओं के बसों से पहुंचने की संभावना
यह कार्यक्रम सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर स्मृति उपवन, श्री काशीराम पार्क स्थल, सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी में आयोजित होगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों जैन श्रद्धालुओं के बसों के माध्यम से पहुंचने की संभावना है।
प्रातः 10 बजे निकलेगी शोभायात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे श्री दिगंबर जैन मंदिर, आशियाना से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो स्मृति उपवन पहुंचकर संपन्न होगी। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा तथा ठीक 11 बजकर 11 मिनट पर मां सरस्वती की प्रतिमा की महाअर्चना एवं विशेष पूजन-विधान संपन्न होगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
कार्यक्रम में समारोह गौरव के रूप में सपना जैन एवं मनीष जैन, इंदौर से पधारेंगे। वहीं मुख्य अतिथियों में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, MLC रामचंद्र प्रधान, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
25 वर्षों से निरंतर हो रही सरस्वती महाअर्चना
मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि पूज्य उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में सरस्वती महाअर्चना का आयोजन पिछले 25 वर्षों से निरंतर होता आ रहा है। इस वर्ष 26वीं सरस्वती महाअर्चना को भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है। आयोजन का उद्देश्य मां सरस्वती की आराधना के माध्यम से ज्ञान, विद्या, विवेक एवं बौद्धिक विकास के प्रति श्रद्धा को प्रोत्साहित करना है।
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह
उन्होंने बताया कि जैन परंपरा में मां सरस्वती की आराधना को ज्ञानार्जन, एकाग्रता और विवेक की वृद्धि के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। श्रद्धालु इस महाअर्चना में सम्मिलित होकर ज्ञान, सद्बुद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करेंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है तथा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
Comments are closed.