Lucknow: सेवा संकल्प अभियान के तहत 1,495 TB मरीजों को लिया गया गोद

TB उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से मिली मजबूती

18

Lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत TB उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जनभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा कुल 1,495 TB मरीजों को गोद लिया गया।

समाज की जिम्मेदारी को सुदृढ़ करना उद्देश्य

इस पहल का उद्देश्य TB मरीजों को इलाज के दौरान आवश्यक पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी को सुदृढ़ करना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. N.B. सिंह ने बताया कि TB के इलाज में नियमित रूप से दवा लेना जितना जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण प्रोटीनयुक्त एवं पौष्टिक भोजन का सेवन भी है।

आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने में निक्षय मित्रों की अहम भूमिका- CMO

गोद लिए गए मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग, इलाज जारी रखने के लिए प्रोत्साहन तथा आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने में निक्षय मित्रों की भूमिका अहम है। इलाज की पूरी अवधि के दौरान मरीज को निरंतर सहयोग मिलता रहे तो उसके लिए इलाज पूरा करना आसान हो जाता है। CMO ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी TB उन्मूलन को सामूहिक अभियान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

TB मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज के लिए सहयोग की अपील

सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से TB मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रति सकारात्मक और संवेदनशील वातावरण तैयार किया जा सकता है। डॉ. N.B. सिंह ने आमजन से निक्षय मित्र बनने की अपील करते हुए कहा कि समाज के लोग आगे आकर TB मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज के दौरान सहयोग कर सकते हैं और TB मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

556 निक्षय मित्रों ने 1,495 TB रोगियों की जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प 

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. A.K. सिंघल ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत TB मरीजों की जांच और इलाज के साथ उन्हें नियमित परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 556 निक्षय मित्रों ने 1,495 TB रोगियों को गोद लेकर उनके उपचार के दौरान सहयोग की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है।

TB मरीजों के पोषण के लिए पोषण पोटली भी वितरित 

उन्होंने कहा कि निक्षय मित्रों की भागीदारी मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इन मरीजों को पोषण सहयोग के रूप में पोषण पोटली भी वितरित की गई, जिसमें भुना चना, गुड़, सोयाबीन बड़ी, प्रोटीन पाउडर, दाल सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी।

समाज की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भी मिली झलक

यह सहयोग मरीजों को उपचार के दौरान शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलने में मदद करने के साथ-साथ उनके प्रति समाज की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। 1,495 टीबी मरीजों को गोद लिया जाना इस बात का उदाहरण है कि सरकार की अग्रणी भूमिका के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के जुड़ने से टीबी उन्मूलन अभियान को और मजबूती मिलती है।

Comments are closed.