लोकसभा चुनाव- 2024: भाजपा ने सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके दिनेश को रायबरेली से बनाया प्रत्याशी, ब्रजभूषण सिंह का कटा टिकट

रायबरेली से प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह सोनिया गांधी के खिलाफ लड़ चुके हैं लोकसभा चुनाव

0 58

लखनऊ, रिपोर्टर।
भाजपा ने गुरुवार शाम को यूपी के रायबरेली और कैसरगंज लोकसभा सीट पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने रायबरेली से अपने एक और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। जबकि कैसरगंज सीट से अपने हैवीवेट सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया है।
हालांकि इस सीट पर पार्टी ने उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को ही प्रत्याशी बनाया है। केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लगने के बाद भाजपा ने गुरुवार को अपनी 17वीं सूची जारी कर दी।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी इस सूची में सिर्फ यूपी की रायबरेली और कैसरगंज सीटें शामिल हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश की 80 में से 75 लोकसभा सीटों पर अपने सिंबल पर चुनाव लड़ रही है। पांच सीटें उसने सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। इनमें दो-दो सीटें रालोद और अपना दल (एस) और एक सीट सुभासपा को दी गई है।
रायबरेली से प्रत्याशी घोषित किए गए दिनेश प्रताप सिंह योगी सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री हैं। वे 2019 में भी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। तब उन्हें 1, 67, 178 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। दिनेश योगी सरकार के चौथे मंत्री हैं, जिन्हें लोकसभा चुनाव लड़ाया जा रहा है। पार्टी इससे पहले कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद व जयवीर सिंह और राज्यमंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि को उतार चुकी है।
वहीं कैसरगंज सीट पर ब्रजभूषण का खुद चुनाव लड़ने का दांव बेअसर रहा। पार्टी ने उनके छोटे बेटे करण को उतारकर सेफ गेम खेलने का दांव चला है। ब्रजभूषण को भी पहले से ही इसका अहसास था, सो पार्टी की सूची जारी होने से पहले ही गुरुवार को करण का नामांकन पत्र खरीद लिया गया था। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.