भारतीय नौसेना की Barak missile प्रणाली होगी आधुनिक 

युद्धपोतों की हवाई हमलों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी, हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का होगा व्यापक उन्नयन

8

नई दिल्ली:

भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और वायु रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल प्रणाली के उन्नयन और पुराने पड़ रहे पुर्जों के प्रबंधन के लिए इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में अन्य पूंजीगत खरीद प्रक्रिया के तहत इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों होंगे अपग्रेड

इस अनुबंध के तहत बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का व्यापक उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा प्रणाली में इस्तेमाल होने वाले पुराने पड़ रहे पुर्जों के प्रबंधन पर भी काम होगा। इससे नौसेना के जहाजों पर तैनात मौजूदा मिसाइल रक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।

लंबी दूरी के हवाई खतरों से मिलेगी बेहतर सुरक्षा

बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल प्रणाली के उन्नयन से भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की हवाई खतरों से मुकाबला करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे समुद्र में तैनात पोतों को लंबी दूरी से आने वाले हवाई खतरों के खिलाफ बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह परियोजना नौसेना के मौजूदा हथियार तंत्र को आधुनिक बनाने और युद्धपोतों की परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

 

Comments are closed.