प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में 155वां नि:शुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया परामर्श

12

नई दिल्ली।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस और प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 155वें नि:शुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ यूनानी चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर परामर्श लिया और चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की।
ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस के मार्गदर्शक एवं महासचिव डॉ. सैयद अहमद खान ने बताया कि संगठन ने वर्ष 2021 में पांच वर्षों के भीतर 150 नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने का लक्ष्य तय किया था। निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए अब तक 155 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, अस्वास्थ्यकर खान-पान और जंक फूड का बढ़ता चलन लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रहा है। इसका प्रभाव विशेष रूप से पाचन तंत्र और नींद से जुड़ी समस्याओं के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
डॉ. खान ने कहा कि यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। संगठन का उद्देश्य इस चिकित्सा पद्धति के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।
तीन घंटे चला चिकित्सा शिविर
शिविर दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक चला। इस दौरान चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर के आयोजन में डॉ. जकीउद्दीन, डॉ. शकील अहमद, डॉ. एहसान अहमद सिद्दीकी, डॉ. महमूद आलम, डॉ. फैजान अहमद सिद्दीकी, डॉ. गयासुद्दीन सिद्दीकी, डॉ. मोहम्मद परवेज कुरैशी, डॉ. मोहम्मद रफीक, डॉ. शम्सुद्दीन आजाद, डॉ. खुर्शीद आलम, डॉ. जमीर अहमद, हकीम मुर्तजा देहलवी, फहीम मलिक, एडवोकेट शाह जबीन काजी, शारिक अली सिद्दीकी, इसरार अहमद उज्जैनी और मोहम्मद इमरान कन्नौजी ने सेवाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सैयद मुजाहिद हुसैन और वरिष्ठ पत्रकार मसूद बारी भी मौजूद रहे। उन्होंने शिविर का जायजा लिया और आयोजकों से इसकी गतिविधियों की जानकारी ली।

Comments are closed.