Bihar में हर माह 10 तारीख को मिलेगी पेंशन की राशि : CM

बिहार के 94 लाख पेंशनधारियों के खातों में भेजे गए 1100 करोड़ रुपये

67

पटना, 10 जून।
बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित डीबीटी कार्यक्रम में यह राशि जारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह किया गया है। इस योजना का लाभ 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन, विधवा महिलाएं और दिव्यांगजन प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने घोषणा की कि अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को नियमित रूप से राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर राज्य के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों को यह राशि हस्तांतरित की गई है।

मुख्यमंत्री ने उन लोगों से भी जल्द आवेदन करने की अपील की जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के होने के बावजूद अभी तक योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण पेंशन से वंचित लाभार्थी भी शीघ्र अपना आधार लिंक कराएं ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी और लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Comments are closed.