अधिवक्ता की हत्या से भड़का बार एसोसिएशन, अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर 16 फरवरी को आंदोलन की चेतावनी
बार एसोसिएशन ने पुलिस को 48 घंटे की मोहलत देते हुए दी चेतावनी
Barabanki: बाराबंकी में लखनऊ–अयोध्या मार्ग पर साथी मो. शोएब किदवाई की हत्या के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश है। जिला बार एसोसिएशन ने पुलिस को 48 घंटे की मोहलत देते हुए चेतावनी दी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर 16 फरवरी को बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पहले से घात लगाए बदमाशों ने की जमकर फायरिंग

शुक्रवार दोपहर असेनी मोड़ के पास अधिवक्ता मो. शोएब अपनी कार से लखनऊ से बाराबंकी वापस घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फिल्मी अंदाज में गोलियां बरसा दीं। कई गोलियां उनके शरीर में लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। घटना के तुरंत बाद बार भवन में बुलाई गई आपात बैठक में अधिवक्ताओं ने इसे केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज की सुरक्षा पर हमला बताया।
पुलिस की कार्रवाई से टला अधिवक्ताओं का आंदोलन
अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने कहा कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती तो अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत होकर आंदोलन करेंगे। अधिवक्ताओं का कहना है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले कानून व्यवस्था के लिए खतरे का संकेत हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हत्या का जल्द खुलासा किया जाए, आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। पुलिस का कहना है कि जांच तेज कर दी गई है, संदिग्धों की पहचान के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Comments are closed.