गाजीपुर के कुंवर वीरेन्द्र सिंह को ‘श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान’, लावारिस लाशों का कराया अंतिम संस्कार

गाजीपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह

58

Ghazipur: यूपी के गाजीपुर जिले में अब तक 2,300 से अधिक लावारिस लाशों का वारिस बन उनका अन्तिम संस्कार करने वाले कुंवर वीरेन्द्र सिंह को ‘श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान’ मिला है। गाजीपुर में बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा ने कुंवर वीरेन्द्र सिंह को सम्मानित किया। इसका आयोजन जीवन रक्षक फाउंडेशन, गाजीपुर के तत्वावधान में किया गया था।

भारत के विभिन्न राज्यों और जिलों के 300 रक्तदाता सम्मानित

समारोह में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गाजीपुर जनपद के अलावा भारत के विभिन्न राज्यों और जिलों के 300 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा निस्वार्थ सेवा करने वाले रक्तदाताओं को सम्मान प्रदान कर हौसला अफज़ाई करना रहा। चयनित रक्तदाताओं को मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा ने सम्मानित किया। जिसमें शतकवीर, अर्धशतकवीर, उत्तर प्रदेश के कुल 15 जनपदों व गाजीपुर के 250 रक्तदाता शामिल हुए।

समारोह में तीन लोगों को विशेष सम्मान

समारोह में तीन विशेष सम्मान प्रदान किये गये। जिसमें 245 बार रक्तदान करने के लिए वाराणसी से आये 58 वर्षीय प्रदीप इसरानी को रक्त शिरोमणि सम्मान प्रदान किया गया। जबकि निस्वार्थ सेवा, विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में सराहनीय योगदान के लिए होम्योपैथिक के डॉ. एम.डी. सिंह को
चिकित्सा शिरोमणि सम्मान दिया गया। जब लोग भय और असमंजस में थे, उस समय भी वे निरंतर आमजन के संपर्क में रहे और पूरी निष्ठा से रोगियों का उपचार करते रहे, उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब मरीजों को निःशुल्क दवाएँ उपलब्ध कराईं तथा उन्हें मानसिक और चिकित्सकीय संबल प्रदान किया।

कुंवर वीरेन्द्र सिंह को श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान

इसी क्रम में वर्षों से 2300 से अधिक लावारिस लाशों के वारिस बन कर उनका अन्तिम संस्कार करने वाले कुंवर वीरेन्द्र सिंह को श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान देकर सम्मानित किया गया। शतकवीर रक्तदाताओं में महाराष्ट्र के दीपक, शामसुन्दर शुक्ला व वाराणसी के राजेश गुप्ता को प्रदान किया गया। अर्धशतकवीर रक्तदाताओं में गाजीपुर से ब्रज भूषण दूबे, मिर्जापुर से अभिषेक साहू, कृष्णानन्द हैहयवंशी, वाराणसी से बी.एच.यू ब्लड बैंक प्रभारी डाॅ. आशुतोष सिंह, आशीष केशरी, गोरखपुर से अमर सिंह, भदोही से सर्वेश कुमार शुक्ला, राहुल दूबे व अंबेडकरनगर से सूरज गुप्ता को सम्मानित किया गया, साथ ही सुनिल सिंह (वाराणसी), विपिन दूबे (आजमगढ़), हिमांशु द्विवेदी (सिद्धार्थनगर), गुरमीत सिंह (फतेहपुर), रणजीत यादव व विनय कुशवाहा (अयोध्या) को सम्मानित किया गया।

रक्तदान मानव जीवन की रक्षा का सबसे सशक्त माध्यम-संस्थापक

संस्था के संस्थापक शीर्षदीप शर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव जीवन की रक्षा का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से नियमित रक्तदान की अपील की। समारोह में चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। संचालन सचिव डाॅ. उरूज फात्मा, सह-सचिव सुरजीत कुमार व संजीव अरूण कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में इन विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम के दौरान अविनाश जायसवाल (अध्यक्ष नगर पंचायत, दिलदारनगर), डॉ. डी. पी. सिंह, डॉ. सानंद सिंह, डॉ. अनिता कुमारी प्राचार्या (प्राचार्या महिला महाविद्यालय गाज़ीपुर) अमरनाथ तिवारी, मंटू प्रधान, अनुराग सिंह, प्रभाकर त्रिपाठी, अतुल सिंह, तृप्ति श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहें। संस्था के अध्यक्ष मनीष कुमार पाल के रक्तदान जागरूकता संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Comments are closed.