PM ने किया काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन

वन्यजीव संरक्षण और कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती

101

गुवाहाटी
PM नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के कालीआबोर में करीब 6,950 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाएगी, बल्कि काजीरंगा के समृद्ध वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती देगी। कालीआबोर से नुमालीगढ़ तक बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर सड़क संपर्क को बेहतर करेगा, वन्यजीवों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करेगा और पर्यटन को बढ़ावा देगा। उन्होंने इसे असम और पूर्वोत्तर भारत के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कालीआबोर और पूरे असम के लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य के विकास को लेकर “डबल इंजन एनडीए सरकार” पर जनता के मजबूत भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार असम को सड़क, रेल, हवाई और जलमार्गों के जरिए जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है और किसी भी स्तर पर प्रयासों में कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देशभर में लगातार अस्वीकार किया जा रहा है और विकास के स्पष्ट एजेंडे के अभाव में वह जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी पार्टी असम या काजीरंगा के कल्याण के लिए प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकती।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि असम की धरती से कांग्रेस को उसके रवैये का करारा जवाब मिलेगा। काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को क्षेत्रीय विकास, पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन के संतुलन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

Comments are closed.