UPSRTC: प्रयागराज के माघ मेले में 3800 बसों का होगा संचालन- दयाशंकर सिंह

इस बार अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना

171

Lucknow: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) प्रयागराज में माघ मेला के लिए इस बार 3800 बसों का संचालन करेगा। यह जानकारी परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दी।

03 जनवरी से प्रयागराज में होगी माघ मेला की शुरुआत

उन्होंने बताया कि 03 जनवरी, 2026 से प्रयागराज में माघ मेला की शुरुआत हो रही है। गंगा यमुना एवं अदृश्य सरस्वती की पावन धरा पर माघ माह में प्रत्येक वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। दयाशंकर सिंह ने बताया कि इस वर्ष माघ मेला विशिष्ट होगा। यहां पर भव्य, दिव्य एवं अलौकिक महाकुंभ-2025 का सफल आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 67 करोड़ लोगों ने स्नान का पुण्य लाभ लिया। इस वर्ष भी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन निगम इस बार 3800 बसों का संचालन करेगा।

भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था

परिवहन मंत्री ने बताया कि मकर संक्रांति मौनी अमावस्या एवं बसंत पंचमी के स्नान पर भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए परिवहन निगम रिजर्व बसों की भी व्यवस्था कर रहा है। माघ मेला प्राधिकारी के मांग पर अतिरिक्त बसों को संबंधित क्षेत्र द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। इस वर्ष 15 को मकर संक्रांति, 18 को मौनी अमावस्या एवं 23 जनवरी को बसंत पंचमी का महत्वपूर्ण शाही स्नान होगा। 01 जनवरी से 15 फरवरी, 2026 तक मेला की संपूर्ण अवधि में सामान्य दशा में 25 बसें तथा मुख्य पर्वों पर दो दिन पूर्व से एक दिन बाद तक 200 बसें शटल बसों के रूप में संचालित किए जाने हेतु रिजर्व रहेंगे।

विभिन्न क्षेत्रों के संचालन के लिए बसों की संख्या का निर्धारण

परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि विभिन्न क्षेत्रों के संचालन के लिए बसों की संख्या का निर्धारण किया गया है। लखनऊ क्षेत्र से 500 बसों का संचालन किया जाएगा। इसी प्रकार गोरखपुर 500, आजमगढ़ 430, वाराणसी 430, अयोध्या 270, प्रयागराज 550, चित्रकूट धाम 330, झांसी 50, कानपुर 270, हरदोई 350 एवं देवीपाटन क्षेत्र से 250 बसों का संचालन किया जाएगा।

यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए लगेंगे फ्लेक्स बोर्ड

परिवहन मंत्री ने बताया कि माघ मेला 2026 में यात्रियों को उनके गंतव्य की सही जानकारी के लिए परिक्षेत्र में मुख्य मुख्य स्थान पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि बस उपलब्ध होने के स्थान की जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि लखनऊ व अन्य स्थलों से प्रयागराज के लिए पहले से चल रही बसों का संचालन जारी रहेगा। माघ मेला क्षेत्र में हर वर्ष एक अस्थायी बस स्टेशन का निर्माण होता रहा है, इस वर्ष दो बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं। सभी बसों को चाकचौबंद करने और व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं।

Comments are closed.