बाबासाहेब के सपनों के भारत का हो रहा निर्माण : रामदास आठवले

मोदी सरकार बाबासाहेब के आदर्शों के पथ पर अनवरत गतिशील : रामदास आठवले

73

नई दिल्ली।
संविधान दिवस के अवसर पर कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना आरपीआई का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब के सपनों के भारत के निर्माण के लिए पार्टी निरंतर प्रयासरत है और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

आठवले ने कहा कि आरपीआई अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित समाज के सभी वंचित वर्गों के न्याय के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद बाबासाहेब ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, सामाजिक न्याय और समान अधिकार, जिनके लिए डॉ. आंबेडकर ने जीवन समर्पित किया, आज वह केवल सिद्धांत नहीं बल्कि धरातल पर वास्तविकता बन चुके हैं।

संविधान दिवस की पहल का उल्लेख करते हुए आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, जो बाबासाहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान को राष्ट्र को समर्पित करने में डॉ. आंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही और इसी योगदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया।

कार्यक्रम में आठवले ने संगठन के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने प्रदेश, जिला, क्षेत्र और गांव की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती से लड़ते हुए आमजन का विश्वास जीता जाए तथा संगठन को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।

Comments are closed.