यह केवल यात्रा नहीं, सनातन चेतना का उत्सव : CM Rekha Gupta
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘श्री बागेश्वर बालाजी का श्री बांके बिहारी से मिलन’ पदयात्रा में हुई शामिल
नई दिल्ली, 7 नवंबर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज छतरपुर स्थित कात्यायनी शक्ति पीठ में आयोजित “सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा 2025 — श्री बागेश्वर बालाजी का श्री बांके बिहारी से मिलन” कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा की शुरुआत की और इस आयोजन को “सनातन चेतना का उत्सव” बताया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि
“यह पदयात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की उस अविरल परंपरा का उत्सव है, जिसने सदियों से समाज को धर्म, कर्तव्य, करुणा और मानवीय मूल्यों के सूत्र में जोड़े रखा है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा पूरे देश में एकता, श्रद्धा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संदेश दे रही है। “आज के समय में जब समाज में विभाजन के प्रयास होते हैं, तब ऐसी यात्राएँ देश को जोड़ने का कार्य करती हैं,” मुख्यमंत्री ने कहा।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे। यह ऐतिहासिक पदयात्रा पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) के मार्गदर्शन में छतरपुर के कात्यायनी शक्ति पीठ से आरंभ होकर वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर तक जाएगी।
पदयात्रा के दौरान “जय श्री राम” और “हरी बोल” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्ति और ऊर्जा से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को राष्ट्रव्यापी भक्ति आंदोलन और सनातन एकात्मता के महापर्व का स्वरूप दे दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि
“यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत और प्रेरणादायक प्रतीक है। मैं श्री बागेश्वर बालाजी से प्रार्थना करती हूं कि उनकी कृपा-दृष्टि सदैव दिल्ली और पूरे राष्ट्र पर बनी रहे, ताकि देश शांति, सद्भाव, समृद्धि और सशक्त आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।”
Comments are closed.