Lucknow IMA: कफ सिरप से बच्चों की मौत पर IMA दुःखी, सरकार से सख्त कार्रवाई करने की मांग

मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाएं न देने संबंधी नियम का सख्ती से पालन कराने का अनुरोध

235

Lucknow: लखनऊ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने जहरीले कफ सिरप से मासूम बच्चों की हुई मौतों पर दुःख व्यक्त करते हुए सरकार से इसके लिए सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। IMA ने मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाएं न देने संबंधी नियम का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग

एसोसिएशन ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत की घटनाओं के बाद सरकार से इसके लिए सख्ती करने के लिए कहा है। IMA की अध्यक्षा डॉ. सरिता सिंह और सचिव डॉ. संजय सक्सेना की ओर से बुधवार को यह अपील जारी की गई। उनके अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन नकली व घटिया दवाओं के खिलाफ अभियान चलाए। इससे मरीजों की जान से खिलवाड़ को रोका जा सकेगा।

बिना डॉक्टर की सलाह के कफ सिरप क्या, कोई भी दवाई लेना नुकसानदायक

डॉ. सरिता सिंह ने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह के कफ सिरप क्या कोई भी दवाई लेना नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए मेडिकल स्टोर पर बिना पर्चे के दवाएं नहीं बिकनी चाहिए।

कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत बेहद दुखद व चिंताजनक

डॉ. संजय सक्सेना ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत बेहद दुखद होने के साथ ही चिंताजनक भी है। बाजार में नकली दवाओं का खतरा भी हो सकता है। इसलिए दवा खरीदने के साथ ही उसका बिल भी जरूर लें। इससे नकली दवाओं की आशंका कम हो सकेगी। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि डॉक्टर अपने मरीज के स्वास्थ्य से कभी कोई समझौता नहीं करता और न ही करेगा।

Comments are closed.