Piyush Goyal 18–19 सितंबर को UAE दौरे पर, जानें क्या है पूरा मामला
निवेश और व्यापार संबंधों को देंगे नई गति
नई दिल्ली,
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 18–19 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे 13वें भारत–UAE उच्च स्तरीय निवेश कार्यबल (HLJTFI) की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) के प्रबंध निदेशक हिज हाइनेस शेख हमद बिन जायेद अल नहयान भी शामिल होंगे।
बैठक में भारत–UAE व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA), डबल टैक्सेशन संधि और दोनों देशों के केंद्रीय बैंकों के सहयोग से जुड़े मुद्दों की समीक्षा होगी। साथ ही समुद्री क्षेत्र और अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए निवेश अवसरों पर भी चर्चा की जाएगी।
अपने दौरे में श्री गोयल UAE-India बिज़नेस काउंसिल (UIBC) राउंडटेबल की सह-अध्यक्षता करेंगे और भारत तथा UAE की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष सीईओ से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शेख तहनून बिन जायेद अल नहयान, अबू धाबी डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट के अध्यक्ष अहमद जसीम अल ज़ाबी और IHC के प्रबंध निदेशक सैयद बसार शुएब सहित कई वरिष्ठ नेताओं और निवेशकों से भी मुलाकात करेंगे।
बता दें कि अक्टूबर 2024 में मुंबई में आयोजित पिछली बैठक में भारत–UAE द्विपक्षीय निवेश संधि को मंज़ूरी मिली थी। 2013 से स्थापित यह कार्यबल निवेश मुद्दों को हल करने और नए अवसर तलाशने का अहम मंच रहा है।
भारत और UAE के बीच मई 2022 में लागू CEPA के बाद द्विपक्षीय व्यापार में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2020-21 में जहां यह 43.3 अरब डॉलर था, वहीं 2023-24 में यह बढ़कर 83.7 अरब डॉलर तक पहुँच गया। खास बात यह है कि इसमें गैर-तेल क्षेत्रों का योगदान तेजी से बढ़ा है।
Comments are closed.