RPI ने कांग्रेस को बताया ‘महिला आरक्षण बिल’ विरोधी, खोला मोर्चा

किया जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन

66

नई दिल्ली,

 रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने रविवार को जंतर-मंतर पर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का समर्थन नहीं कर महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयासों को कमजोर किया है।

आरपीआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान ‘इंडी अलायंस हाय-हाय’ और ‘राहुल गांधी शर्म करो’ जैसे नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध कांग्रेस की “महिला-विरोधी मानसिकता” को दर्शाता है और यह एक ऐतिहासिक अवसर का अपमान है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष फकरे आलम ने कहा कि विपक्ष ने अपनी संकीर्ण राजनीति के चलते महिलाओं के अधिकारों से समझौता किया है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस देश की आधी आबादी से माफी मांगे।

आरपीआई नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल हर मुद्दे पर विरोध की राजनीति करते हैं। उनका कहना था कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष इसका समर्थन करने के बजाय विरोध कर रहा है।

प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मिर्जा महताब बेग, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल चौधरी समेत दिल्ली इकाई के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

 

Comments are closed.