Mahajan इमेजिंग और neuberg डायग्नोस्टिक्स की साझेदारी, जानें क्या आएगा बदलाव

उत्तर भारत में पैथोलॉजी कारोबार के विस्तार को मिलेगी रफ्तार

5,067

नई दिल्ली, 31 अगस्त।

उत्तर भारत में 35 वर्षों से अधिक की विरासत रखने वाले महाजन इमेजिंग एंड लैब्स ने पैथोलॉजी और वेलनेस सेवाओं के विस्तार के लिए न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के साथ रणनीतिक संयुक्त उद्यम साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत रेडियोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पीईटी-सीटी और उन्नत डायग्नोस्टिक्स में महाजन इमेजिंग की विशेषज्ञता को न्यूबर्ग की पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और वेलनेस क्षमताओं के साथ जोड़ा जाएगा।
साझेदारी का उद्देश्य उत्तर भारत में एकीकृत डायग्नोस्टिक्स का मजबूत नेटवर्क तैयार करने के साथ नए भौगोलिक क्षेत्रों में विस्तार करना है। महाजन इमेजिंग एंड लैब्स पहले से पैथोलॉजी और जीनोमिक्स सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। संयुक्त उद्यम के जरिए जीनोमिक्स, मेटाबोलोमिक्स, प्रोटिओमिक्स और मॉलिक्यूलर पैथोलॉजी जैसे उन्नत परीक्षणों का दायरा बढ़ाया जाएगा।
समझौते के तहत उत्तर भारत के सात राज्यों में न्यूबर्ग के विशेष साझेदार के रूप में महाजन इमेजिंग नोएडा, लखनऊ और जम्मू स्थित न्यूबर्ग की प्रयोगशालाओं के मौजूदा कारोबार को अपने अधीन लेगा। संयुक्त उद्यम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कबीर महाजन होंगे।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. हर्ष महाजन ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स को अलग-अलग देखने के बजाय इनके परिणामों को एक साथ समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि न्यूबर्ग के साथ साझेदारी से मौजूदा पैथोलॉजी क्षमताओं को अतिरिक्त स्तर, बुनियादी ढांचे और विशेषज्ञता के साथ तेजी से आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉ. जीएसके वेलु ने कहा कि महाजन इमेजिंग की मजबूत क्लिनिकल नींव और उत्तर भारत में स्थापित उपस्थिति उसे न्यूबर्ग का स्वाभाविक साझेदार बनाती है। साझेदारी के जरिए क्षेत्र में पैथोलॉजी और एकीकृत डायग्नोस्टिक्स सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।
कबीर महाजन ने कहा कि साझेदारी के बाद पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और वेलनेस सेवाओं को मजबूत करने के साथ नमूना संग्रह, नमूना परिवहन, डिजिटल प्रणालियों और रिपोर्ट उपलब्ध कराने में लगने वाले समय को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण, कार्यप्रवाह प्रबंधन और रिपोर्टिंग में तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका भी बढ़ाई जाएगी।
यह साझेदारी ऐसे समय हुई है जब भारत में संगठित डायग्नोस्टिक्स क्षेत्र में निवारक स्वास्थ्य जांच, विशेषीकृत परीक्षण और प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स की मांग बढ़ रही है। आईसीआरए के अनुमान के अनुसार, संगठित डायग्नोस्टिक कंपनियों का राजस्व वित्त वर्ष 2027 में 12 से 14 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। महाजन-न्यूबर्ग संयुक्त उद्यम इस बढ़ते बाजार में प्रयोगशाला बुनियादी ढांचे, नमूना संग्रह नेटवर्क और उन्नत परीक्षण सुविधाओं के विस्तार पर जोर देगा।
लेनदेन में कॉर्नरस्टोन एडवाइजर्स ने महाजन इमेजिंग और उसके संस्थापकों के लिए समग्र सलाहकार की भूमिका निभाई। ईवाई ने निवेश बैंकिंग सलाह दी, जबकि सी एंड एस पार्टनर्स कानूनी सलाहकार रहे। न्यूबर्ग की ओर से खेतान एंड कंपनी ने कानूनी और डेलॉइट ने वित्तीय एवं कर संबंधी सलाह दी।

Comments are closed.