Lucknow: चारबाग के 100 वर्ष पूरे, भव्य समारोह के साथ मनाया ‘स्टेशन महोत्सव’
DRM की अध्यक्षता में प्रदर्शनी समेत विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
Lucknow: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ऐतिहासिक चारबाग स्टेशन ने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैँ। शताब्दी के अवसर पर ‘स्टेशन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता मंडल के DRM सुनील कुमार वर्मा ने की। समारोह में रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं यात्री उपस्थित रहे।
ऐतिहासिक यात्रा पर दिखाई गई लघु फ़िल्म

सीनियर DCM समर्थ गुप्ता के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान चारबाग स्टेशन की वर्ष 1926 से अब तक की ऐतिहासिक यात्रा, विशिष्ट स्थापत्य विरासत एवं भारतीय रेल में इसके महत्व को प्रदर्शित करने वाली लघु फिल्म दिखाई गई। इसके बाद समर्पित एवं उत्कृष्ट रेल कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को विरासत संरक्षण, स्वच्छता एवं यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया। स्टेशन परिसर में रैली भी आयोजित हुई।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण

गांधी पार्क में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, शताब्दी समारोह के अवसर पर गांधी पार्क में हीलियम गुब्बारा स्थापित किया गया। यात्रियों एवं आमजन को चारबाग स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से प्लेटफार्म संख्या एक पर ऐतिहासिक छायाचित्रों एवं विरासत उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदर्शनी में दिखाई गई भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा

प्रदर्शनी में स्टेशन के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों एवं भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया। चारबाग स्टेशन के प्रथम पोर्टिको एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। स्टेशन के ऐतिहासिक भवन की विशेष स्थापत्य एवं फसाड लाइटिंग, फेयरी लाइट्स, गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण तथा वहां स्थापित विंटेज/स्टीम इंजन की लाइटिंग की गई, जिससे स्टेशन का ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप और अधिक आकर्षक दिखाई दिया।
Comments are closed.