सिविल अस्पताल में बड़ी उपलब्धि, नाक के रास्ते पिट्यूटरी ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, मरीज की रोशनी लौटी

यूपी के देवरिया निवासी मरीज दुबई में करता है काम

11

Lucknow: लखनऊ में हज़रतगंज पार्क रोड स्थित सिविल अस्पताल ने न्यूरो सर्जरी में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। न्यूरो सर्जन डॉ. विनोद कुमार तिवारी ने माइक्रोस्कोपिक ट्रांसनेजल ट्रांसस्फेनॉइडल तकनीक से पिट्यूटरी मैक्रोएडेनोमा ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया।

मरीज के सिर की हड्डी खोले बिना नाक के रास्ते ट्यूमर निकाला

खास बात ये रही कि मरीज के सिर की हड्डी खोले बिना नाक के रास्ते ट्यूमर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की प्रभावित आंखों की रोशनी वापस लौट आई। यूपी के देवरिया निवासी मरीज दुबई में काम करता है। ट्यूमर बड़ा होने से उसकी ऑप्टिक नसों पर दबाव पड़ रहा था जिससे दृष्टि लगातार कम हो रही थी।

निजी अस्पतालों में इस सर्जरी का 15 से 20 लाख रुपये तक आता है खर्च

इस तकनीक में नाक के रास्ते स्फेनॉइड साइनस से होते हुए पिट्यूटरी ग्रंथि तक पहुंच बनाई जाती है और माइक्रोस्कोप की मदद से ट्यूमर निकाला जाता है। निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी का खर्च 15 से 20 लाख रुपये तक बताया जाता है, जबकि सिविल अस्पताल में ये विशेषज्ञ सर्जरी सरकारी सुविधा में सफलतापूर्वक हुई।

अस्पताल के निदेशक ने इस उपलब्धि को सराहा

अस्पताल के निदेशक डॉ. G. P. गुप्ता ने कहा कि ये उपलब्धि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञता और मरीज-केंद्रित उपचार के महत्व को दर्शाती है। सर्जरी टीम में एनेस्थेटिस्ट डॉ. S. K. सिंह शामिल रहे।

Comments are closed.