बलरामपुर अस्पताल में नालियों के पास लगा कूड़े का ढेर, तीमारदारों में नाराजगी
बरसात के मौसम में संक्रमण और मच्छरों के पनपने की बढ़ी आशंका
Lucknow: राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पताल बलरामपुर हॉस्पिटल में स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल परिसर में नालियों के किनारे कूड़े का ढेर जमा होने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल आने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह स्थिति संक्रमण और मच्छरों के पनपने की आशंका भी बढ़ा रही है।
न्यू बिल्डिंग के पास नालियों के पास मिला कूड़े का ढेर
अस्पताल परिसर में न्यू बिल्डिंग के पास नालियों के पास कूड़े का ढेर पड़ा हुआ मिला। कुछ दूर पर अस्पताल का रैन बसेरा बना हुआ है। बारिश के चलते कूड़ा नालियों को जाम करने लगा। अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि नालियों के आसपास लंबे समय तक कूड़ा पड़े रहने से वातावरण दूषित हो रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था अपेक्षित है, लेकिन परिसर के कुछ हिस्सों में गंदगी मरीजों और तीमारदारों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
संक्रमण फैलाने वाले जीवाणुओं और मच्छरों के पनपने का कारण
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि अस्पताल परिसर में कूड़ा और गंदा पानी संक्रमण फैलाने वाले जीवाणुओं और मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है। ऐसे में नियमित सफाई, कचरे का समय पर निस्तारण और नालियों की सफाई आवश्यक है, ताकि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर पहले भी उठते रहे सवाल
गौरतलब है कि बलरामपुर अस्पताल में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने समय-समय पर बायोमेडिकल वेस्ट और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए कदम उठाने की बात कही है, लेकिन परिसर में दिखाई देने वाली गंदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
क्या बोले अस्पताल के CMS
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. हिमांशु चतुर्वेदी के अनुसार कार्यदायी संस्था को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि अस्पताल परिसर स्वच्छ और संक्रमणमुक्त बना रहे।
Comments are closed.