लखनऊ शहर को बेहतर बनाने की तैयारी, बेंगलुरु के चीफ कमिश्नर ने नगर निगम अफसरों को दिये सुझाव

विकास, टैक्स वसूली व जलभराव से निजात दिलाने की मुहिम

0 195

लखनऊ, संवाददाता।

बेंगलुरु नगर निगम के चीफ कमिश्नर तुषार गिरी नाथ ने सोमवार को लखनऊ नगर निगम अफसरों को शहर के विकास, टैक्स वसूली और जलभराव से निजात के तमाम सुझाव दिए। लखनऊ के अफसरों को उन्होंने बताया कि कैसे बेंगलुरु विकास में आगे आया। कैसे अधिक टैक्स वसूली कर रहा है। ड्रेनेज प्लान बेहतर कर पाया।

लखनऊ नगर निगम को भी ऐसे प्रयास करने का सुझाव

SBM कार्यालय गोमती नगर में हुई बैठक में उन्होंने लखनऊ नगर निगम को भी ऐसे प्रयास करने को कहा। बैठक में नगर आयुक्त लखनऊ इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा आदि रहे।

बेंगलुरु कमिश्नर ने बैठक में टैक्स वसूली तकनीक और जल निकासी योजना पर विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि टैक्स कलेक्शन के लिए नया अधिनियम बनाना होगा। बेंगलुरु ने नया अधिनियम बनाकर इसे लागू किया, जिससे टैक्स वसूली काफी बढ़ी। नगर निगम आत्मनिर्भर हो पाया और लखनऊ नगर निगम भी ऐसा करके कमाई में आत्म निर्भर हो सकता है।

सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग की योजना बना रहे हैं- नगर आयुक्त

नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वे सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग की योजना बना रहे हैं। ड्रोन सर्वेक्षण, व्यापार लाइसेंस की दो श्रेणियां बनाने, जल निकासी प्रणाली का मास्टर प्लान तैयार करने पर काम चल रहा है।

बैठक में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अंबी बिष्ट, 8 जोन के जोनल अधिकारी और IEC एक्सपर्ट (डेलॉयट) से सपन भी उपस्थित रहे।

बेंगलुरु नगर निगम ने ऐसे बढ़ाई कमाई

– नया कर अधिनियम लागू किया
– मानक संचालन प्रक्रिया SOP बनाई
– व्यापार लाइसेंस पूरी तरह स्वचालित किया।
– संपत्ति कर का संग्रह डेटा स्वचालन से सुधरा।
– ड्रोन सर्वेक्षण से कर संग्रह प्रणाली तैयार की।
– विज्ञापन और मनोरंजन कर का संग्रह होता है
– PPP परियोजनाओं पर फोकस किया गया।

Leave A Reply