पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, परगट सिंह को सौंपी चुनाव समिति की कमान

42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन, प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, राजा वड़िंग और मनीष तिवारी समेत कई दिग्गजों को मिली जगह

2,095

नई दिल्ली:

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए कांग्रेस ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता परगट सिंह को प्रदेश चुनाव समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 18 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। समिति में कुल 42 नेताओं को शामिल किया गया है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कांग्रेस की इस समिति में पंजाब के कई वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है। इनमें विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शामिल हैं।

इसके अलावा वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्ठल, शमशेर सिंह दूलो, सुखपाल सिंह खैरा, गुरजीत सिंह औजला, धर्मवीर गांधी, किशोरी लाल शर्मा, सुखविंदर सिंह डैनी, कुलजीत सिंह नागरा और गुरकीरत सिंह को भी समिति में शामिल किया गया है।

समिति में विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, ओम प्रकाश सोनी, अरुणा चौधरी, राजिया सुल्ताना, त्रिप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, बलबीर सिंह सिद्धू, साधु सिंह धर्मसोत, रणदीप सिंह नाभा, अवतार हेनरी सीनियर, हरदेव सिंह लड्डी, कैप्टन संदीप सिंह संधू और प्रो. इमैनुएल नाहर समेत अन्य नेताओं को भी जगह दी गई है।

कांग्रेस ने इस समिति के गठन के जरिए पंजाब में चुनावी तैयारियों को संगठित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाले नेताओं को शामिल किया गया है। अब समिति की जिम्मेदारी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की होगी।

Comments are closed.