आशियाना जैन मंदिर में चातुर्मास का समापन, महावीर के चरणों में समर्पित किया निर्वाण लाडू
11 से 16 नवंबर तक होगा प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन
Lucknow: आशियाना दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में चल रहे चातुर्मास का भव्य समापन समारोह श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक एवं कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
इसी पावन स्मृति में जैन धर्म में दीपावली मनाने की प्रारंभ हुई परंपरा
इस अवसर पर गुरुवर ने अपने मंगल प्रवचन में बताया कि कार्तिक अमावस्या के दिन भगवान महावीर स्वामी ने बिहार के पावापुरी से मोक्ष प्राप्त किया था। इसी पावन स्मृति में जैन धर्म में दीपावली मनाने की परंपरा प्रारंभ हुई। इस दिन जैन धर्मावलंबी भगवान महावीर के चरणों में श्रद्धापूर्वक निर्वाण लाडू समर्पित करते हैं। साथ ही, जिन स्थानों पर जैन साधु-संतों के चातुर्मास चल रहे होते हैं, वहां चातुर्मास निष्ठापन समारोह आयोजित किया जाता है। इसके साथ ही साधु-संत चातुर्मास काल से निवृत्त हो जाते हैं।
विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत
समारोह के दौरान मंदिर के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश जैन ने चातुर्मास के अंतर्गत आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने पूरे चातुर्मास के दौरान जाने-अनजाने में हुई किसी भी भूल के लिए समाज की ओर से क्षमायाचना की तथा गुरुवर के श्रीचरणों में भी क्षमा भाव अर्पित किया।
मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि भगवान महावीर के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य अविनाश जैन, सावित्री जैन एवं आभा जैन (कृष्णानगर) को प्राप्त हुआ।
11 से 16 नवंबर तक होगा प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन
उन्होंने बताया कि आगामी 11 से 16 नवंबर तक आशियाना जैन मंदिर में नवनिर्मित भव्य मानस्तंभ की प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के सान्निध्य में होगा। इस मानस्तंभ में 24 तीर्थंकरों की प्रतिमाएं विराजमान होंगी। छह दिवसीय इस महोत्सव में लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंदिर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश जैन, अखिलेश जैन, अजय जैन, मनोज जैन, शरद जैन, नलिन राज जैन, अनूप जैन, राजू जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Comments are closed.