KGMU में शोषण से फूटा संविदा कर्मियों का गुस्सा, बड़े आंदोलन का किया ऐलान

संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ KGMU की बैठक में फैसला

450

Lucknow: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में निगम बनने के नाम पर हो रहे शोषण के खिलाफ संविदा व आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों ने होली बाद आंदोलन की चेतावनी दी है। यह निर्णय संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ KGMU की बैठक में लिया गया। संस्थान परिसर में कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संघ की मासिक बैठक हुई थी।

संगठन अध्यक्ष रितेश मल्ल समेत सभी पदाधिकारियों ने सुनी समस्याएं

हज़ारों कर्मचारियों ने मौजूदगी दर्ज कराकर अपनी समस्याओं को संगठन अध्यक्ष रितेश मल्ल समेत सभी पदाधिकारियों के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने अवगत कराया कि SGPGI व राम मनोहर लोहिया संस्थान व अस्पताल की तरह KGMU में कर्मचारियों के लिए प्रतिवर्ष लगने वाला इंक्रीमेंट व्यवस्था लागू नहीं किया गया है। साथ ही वेतन वृद्धि भी लागू ना होने से कर्मचारी आहत और परेशान हैं।

वेतन बढ़ोतरी एवं प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत होने वाली वृद्धि को भी रोक

पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि इसके साथ ही KGMU प्रशासन ने निगम बनने के नाम पर वेतन बढ़ोतरी एवं प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत होने वाली वृद्धि को भी रोक दिया गया है, जबकि यहां मरीजों को उच्च गुणवत्ता पूर्ण इलाज प्रदान करने में आउटसोर्स कर्मचारियों की प्रतिबद्धता प्रत्येक अवसरों पर अभूतपूर्व रही हैं। जिससे कर्मचारियों में काफी निराशा तथा रोष व्याप्त हो गया है। इन सभी मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें कर्मचारियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही हमारे हित में फैसला नहीं लिया जाता है तो वे होली बाद आंदोलन करने के लिए बाध्य हैं।

कई बार भेजा गया पत्र, वार्ता के बाद भी नहीं हुआ निर्णय

वहीं प्रदेश अध्यक्ष रितेश मल्ल ने कहा कि इस सम्बन्ध में KGMU प्रशासन के सभी अफसरों से कई बार पत्र के माध्यम तथा व्यक्तिगत वार्ता में भी अनुरोध किया जा चुका है लेकिन अभी तक आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। रितेश ने चेताया कि समस्याओं का निस्तारण जल्द से जल्द नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन के लिए विवश होंगे, उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। संगठन के सभी सदस्यों ने एक साथ हुंकार भरी और जल्द से जल्द वेतन बढ़ोतरी तथा प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत इंक्रीमेंट जैसी व्यवस्था को लागू करने का आह्वाहन किया।

बैठक में पदाधिकारी व कर्मचारी हुए शामिल

बैठक में कार्यवाहक अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सतीश चौहान मनोज सिंह, बसंत, पाठक, विनोद कश्यप, अजय, विकास, सुभाष, उमेश, आराधना, काजल, रंजना, राहुल, शैलेन्द्र, संदीप, गीतेश, सचिन, सुनील आदि शामिल रहे।

Comments are closed.