लखनऊ में टीबी व कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए लगा शिविर, सीएमओ बोलें-दोनों बीमारियों की पहचान बेहद जरूरी

लोगों को इन बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति किया जागरूक

44

Lucknow: शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एन.के. रोड द्वारा लालबाग, जम्बूरखाना तथा इंदिरा नगर सीएचसी के अंतर्गत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुगौली में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इन शिविरों में टीबी एवं कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ लोगों को इन बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया।

फरवरी माह में पूरे जनपद में लगने हैं 100 शिविर 

Lucknow
Lucknow

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के निर्देशानुसार टीबी एवं कैंसर की स्क्रीनिंग हेतु फरवरी माह में पूरे जनपद में 100 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने हैं, जिसके क्रम में शनिवार को इन शिविरों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में कैंसर से होने वाली मौतों में 30 प्रतिशत तथा कैंसर जनित जटिलताओं से होने वाली मौतों में 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। ऐसे में टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान अत्यंत आवश्यक है।

टीबी और कैंसर दोनों ही गंभीर बीमारियाँ

उन्होंने कहा कि टीबी और कैंसर दोनों ही गंभीर बीमारियाँ हैं, जिनकी समय पर पहचान न होने पर ये जानलेवा साबित हो सकती हैं। स्क्रीनिंग अर्थात प्रारंभिक जांच के माध्यम से इन बीमारियों का शुरुआती अवस्था में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे समय पर उपचार संभव हो पाता है।

Lucknow
Lucknow

इन शिविरों के माध्यम से टीबी एवं कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है तथा साप्ताहिक रिपोर्ट राज्य स्तर पर नामित अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से प्रेषित की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि सीएचसी एन.के. रोड में अधीक्षक डॉ. वाई.के. सिंह तथा जुगौली में अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे के नेतृत्व में शिविर संपन्न हुए, जबकि दोनों स्वास्थ्य शिविरों का पर्यवेक्षण अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंघल द्वारा किया गया।

जम्बूरखाना के शिविर में कुल 391 मरीजों की हुई ओपीडी

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि जम्बूरखाना में आयोजित शिविर में कुल 391 मरीजों की ओपीडी हुई। लक्षणों के आधार पर 150 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 7 को उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया गया।

193 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग

Lucknow
Lucknow

इसके अतिरिक्त 193 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 7 को रेफर किया गया। वहीं 130 महिलाओं की सर्विक्स की जांच की गई, जिनमें से 4 को उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया गया। साथ ही कुल 135 लोगों में टीबी की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 8 को एक्स-रे के लिए रेफर किया गया।
जुगौली में आयोजित शिविर में कुल 105 मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें 27 लोगों की ओरल कैंसर तथा 37 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त टीबी के संभावित लक्षणों के आधार पर 25 लोगों की स्क्रीनिंग भी की गई।

Comments are closed.