मनीषा कोईराला ने किया एम.ओ.सी. (MOC) के पहले नेबरहुड कैंसर उपचार केंद्र का उद्घाटन

गुरुग्राम से शुरू हुई उत्तर भारत में विस्तार की पहल

48

गुरुग्राम, 9 नवम्बर
उत्तर भारत में उन्नत और सुलभ कैंसर उपचार की दिशा में एक नई पहल के तहत एम.ओ.सी. (MOC) कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर ने गुरुग्राम में अपने पहले नेबरहुड कैंसर उपचार केंद्र की शुरुआत की। इस केंद्र का उद्घाटन अभिनेत्री और कैंसर सर्वाइवर मनीषा कोईराला ने किया। इस अवसर पर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के कैंसर विशेषज्ञ, स्वास्थ्यकर्मी और समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

टाटा कैपिटल हेल्थकेयर फ़ंड और एलेवेशन कैपिटल के सहयोग से एम.ओ.सी. (MOC) पूरे देश में अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। इसका उद्देश्य अत्याधुनिक चिकित्सा विशेषज्ञता को लोगों के निकट पहुंचाकर उपचार को अधिक सुलभ, किफायती और रोगी-केंद्रित बनाना है। गुरुग्राम के सेक्टर 29 में शुरू हुआ यह केंद्र संगठन की उत्तर भारत में विस्तार यात्रा का पहला चरण है।

एम.ओ.सी. (MOC) ने अब तक पश्चिम भारत में 24 कैंसर उपचार केंद्र स्थापित किए हैं और अगले एक वर्ष में उत्तर भारत के कई शहरों में नए केंद्र खोलने की योजना है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब भारत में कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। आईसीएमआर के अनुसार, वर्ष 2022 में देश में 14.6 लाख से अधिक नए कैंसर मामले सामने आए थे और 2025 तक यह संख्या 30 लाख तक पहुँचने का अनुमान है। हरियाणा में वर्ष 2024 में 30,475 नए मामले और 16,997 मौतें दर्ज की गईं।

कैंसर के मामलों में वृद्धि के पीछे तंबाकू और शराब का सेवन, शारीरिक निष्क्रियता, असंतुलित आहार, प्रदूषण और रासायनिक पदार्थों का अधिक संपर्क जैसे कारण प्रमुख हैं। पुरुषों में मुख, फेफड़े और अन्ननली का कैंसर अधिक पाया जाता है, जबकि महिलाओं में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा, डिम्बग्रंथि और मुख का कैंसर आम है।

मनीषा कोईराला ने कहा, “एक कैंसर सर्वाइवर के रूप में मैं जानती हूँ कि विशेषज्ञता और संवेदनशील देखभाल तक समय पर पहुँचना कितना ज़रूरी है। एम.ओ.सी. (MOC) जैसे सेंटर्स यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उपचार न केवल सुलभ हो, बल्कि मानवीय संवेदना के साथ उपलब्ध हो। यह हज़ारों परिवारों के लिए आशा की नई किरण है।”

एम.ओ.सी. (MOC) के मुख्य परिचालन अधिकारी आदित्य बहादुर ने बताया, “हमारा लक्ष्य छोटे, तकनीक-सक्षम डे-केयर आधारित सेंटर्स के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली कैंसर देखभाल को मरीजों के पास पहुँचाना है। इससे अस्पतालों पर दबाव कम होगा और मरीजों को सरल, त्वरित और किफायती उपचार मिलेगा। गुरुग्राम सेंटर हमारे टिकाऊ ऑन्कोलॉजी केयर मॉडल का उदाहरण है।”

एम.ओ.सी. (MOC) के मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट राकेश शर्मा ने कहा कि समर्पित ऑन्कोलॉजी सेंटर्स में कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी जैसे कई उपचार बिना अस्पताल में भर्ती हुए सुरक्षित रूप से किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “एम.ओ.सी. में हम वैज्ञानिक सटीकता और मानवीय संवेदना के संतुलन के साथ हर मरीज को व्यक्तिगत उपचार योजना और सतत निगरानी प्रदान करते हैं।”

एम.ओ.सी. (MOC) का यह नया केंद्र उत्तर भारत में सुलभ और किफायती कैंसर उपचार की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Comments are closed.