रायबरेली के बछरावाँ स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ, छात्रा ने किया उद्घाटन
बछरावाँ नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह व सीनियर DCM कुलदीप तिवारी रहे मौजूद
Lucknow, (Mukesh Kumar): रायबरेली जिले में स्थित बछरावाँ स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया गया। बुधवार को स्कूल की छात्रा द्वारा इसका उद्घाटन कराया गया जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान विशेष रूप से बछरावाँ नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह व सीनियर DCM कुलदीप तिवारी मौजूद रहे।
पुराने रेल कोच को आधुनिक रूप देकर तैयार कराया गया रेस्टोरेंट

पुराने रेल कोच को आधुनिक रूप देकर तैयार किए गए इस रेस्टोरेंट को यात्रियों के लिए एक स्वच्छ, सुसज्जित, आरामदायक एवं आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ यात्रियों को भारतीय, स्थानीय व अन्य विविध व्यंजन, शुद्धता और स्वाद के साथ, किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
लखनऊ मंडल, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत

इस अवसर पर सीनियर DCM कुलदीप तिवारी ने कहा, “उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह रेल कोच रेस्टोरेंट बछरावाँ स्टेशन की छवि को और निखारेगा तथा यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सुखद एवं यादगार बनाएगा।”
रेस्टोरेंट तक यात्रियों की पहुंच बेहद आसान

यह रेस्टोरेंट स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित है, जिससे यात्रियों के लिए इसकी पहुंच बेहद आसान है। इस पहल से प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले यात्रियों को एक आधुनिक और आरामदायक वातावरण में उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध होगा।
मौके पर यह सभी लोग रहे शामिल

उद्घाटन में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारिक संगठन के सदस्य, रेल यात्री एवं शहर के नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस नयी सुविधा के लिए उत्तर रेलवे की सराहना करते हुए इसे शहर और यात्रियों के लिए एक स्वागतयोग्य पहल बताया।
Comments are closed.