कर्मचारी व शिक्षक लखनऊ समेत यूपी के सभी जिला मुख्यालयों पर करेंगे भूख हड़ताल

सत्याग्रह से मांगों का समाधान कराने के लिए सरकार का कराएंगे ध्यानाकर्षण

93

इंडिन्यूज़लाइन, लखनऊ:
लखनऊ समेत यूपी के सभी जिला मुख्यालयों पर कर्मचारी व शिक्षक 24 जून को भूख हड़ताल करेंगे। भूख हड़ताल कर सत्याग्रह के माध्यम से मांगों का समाधान कराने के लिए सरकार का ध्यानाकर्षण कराएंगे। लखनऊ में यह कार्यक्रम बीएन सिंह की प्रतिमा स्थल पर होगा। यह निर्णय गुरूवार को कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष वीपी मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

सरकार से नहीं हुई सुनवाई, इससे आक्रोशित हैं कर्मचारी


मोर्चा के महासचिव शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि 18 नवंबर 2024 को मुख्य सचिव के साथ हुई वार्ता की कार्यवृति जारी नहीं हुई और ना ही कोई कार्रवाई हुई। जिस पर आक्रोश जताते हुए 04 मार्च को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को कार्यवृत्ति जारी कर मांगों के समाधान की मांग की गई।

वहीं 02 अप्रैल को मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव कार्मिक को पुन: मांगों पर ध्यान दिलाने के लिए पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण किया गया। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश बढ़ गया है। इसी को देखते हुए प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में सत्याग्रह का निर्णय लिया गया।

मौके पर यह सभी पदाधिकारी व कर्मचारी नेता रहे शामिल
बैठक में मोर्चा के संयोजक सतीश कुमार पांडेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुरेश रावत, महामंत्री अतुल मिश्रा, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश मिश्रा, फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव, राजकीय निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, महामंत्री घनश्याम यादव, जवाहर भवन इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री राम कुमार धानुक, मेडिकल कालेज कर्मचारी महासंघ उप्र के अध्यक्ष विपिन त्यागी, रिजवान अहमद, माध्यमिक शिक्षक संघ उप्र के महामंत्री आशीष कुमार सिंह व सतीश कुमार वर्मा शामिल रहे।

Comments are closed.