यूपी में बदल गए सपा के अध्यक्ष, श्यामलाल को मिली जिम्मेदारी, इस निर्णय के बाद अखिलेश यादव ने किया यह बदलाव?

बीते 20 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं श्यामलाल पाल

0 72

लखनऊ, रिपोर्टर।
नरेश उत्तम के स्थान पर श्यामलाल पाल को समाजवादी पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को उनको नियुक्त कर दिया है। श्यामलाल सपा में प्रदेश उपाध्यक्ष थे। श्यामलाल प्रयागराज की प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह शिक्षाविद रहे हैं और बीते 20 वर्षों से पार्टी से जुड़े थे।
समाजवादी पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को फतेहपुर से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। नरेश उत्तम वर्ष 2017 में पार्टी में हुए पारिवारिक विवाद के बाद प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। उन्हें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का करीबी माना जाता था। ऐसे में जब पार्टी तमाम विवादों में उलझी हुई थी, तब नरेश उत्तम ने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाला था।
काफी समय से वह चुनाव लड़ने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने अपनी बात रख रहे थे। उन्हें फतेहपुर से टिकट दिए जाने के बाद चर्चा थी कि वह पद से इस्तीफा दे देंगे। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें जिम्मेदारी से हटा दिया जाए।
सोमवार को फैसला लेते हुए अखिलेश यादव ने श्यामलाल पाल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। साथ ही इसकी सूचना राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव और नरेश उत्तम को दे दी गई। श्यामलाल पाल जनसेवा इंटर कालेज प्रयागराज में प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए थे। वह वर्ष 2002 में अपना दल के टिकट पर प्रतापपुर सीट से विधानसभा का चुनाव भी लड़े थे। चुनाव लड़ने के कुछ दिनों बाद ही समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.