मुख्तार अंसारी को मायावती और मुलायम सिंह से मिला था अभयदान, दोनों सरकारों में बना रहा दबदबा

महज 25 साल की उम्र में ही दर्ज हुआ था हत्या का पहला मुकदमा

0 76

गाजीपुर/वाराणसी/लखनऊ इंडिन्यूज टीम।
फिरौती के लिए अपहरण, हत्या और जबरन वसूली जैसे मामलों के आरोपी माफिया मुख्तार अंसारी को मायावती और मुलायम ने अभयदान दिया था। उसने अपना राजनीतिक, आपराधिक और आर्थिक साम्राज्य जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ समेत दर्जनभर जिलों में फैला लिया था। 1996 में मुख्तार अंसारी की एंट्री विधानसभा में हो गई थी। धीरे-धीरे मुख्तार अंसारी का रसूख काफी बड़ा हो गया था। जिसके चलते उसकी सरकार में तूती बोलने लगी थी।
पूर्व बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की 28 मार्च को बांदा जेल में मौत हो गई। रात में तबियत बिगड़ने के बाद माफिया मुख्तार को बांदा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था जहां उसका इलाज के दौरान निधन हो गया। अस्पताल प्रशासन ने मुख्तार की मौत की वजह दिल का दौरा बताया। लेकिन उसके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हृदय गति रुकने से मौत की पुष्टि हुई है।
लेकिन आतंक का पर्याय बने गैंगस्टर नेता मुख्तार अंसारी की मौत के साथ ही अपराध के एक युग और राजनीति के साथ उसके गठजोड़ के एक अध्याय का अंत हो गया है। उस पर हत्या से लेकर जबरन वसूली तक के 65 मामले दर्ज थे। मुख्तार 5 बार के विधायक थे।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के एक प्रतिष्ठित और सम्मानित परिवार से सम्बंध रखने वाले अपराध की दुनिया के बादशाह मुख्तार अंसारी की जिंदगी उतार-चढ़ाव भरी रही है। अचूक निशानेबाज के रूप में पहचाने जाने वाले मुख्तार अंसारी ने मुहम्मदाबाद से गाजीपुर तक सफर मामूली ठेकेदार के रूप में शुरू किया था। उस समय वह मोटरसाइकिल से चला करता था। जून 1963 में जन्मे मुख्तार के खिलाफ साल 1988 में महज 25 साल की उम्र में ही हत्या का पहला मुकदमा दर्ज हो गया था। पुलिस डायरी के अनुसार मुख्तार अंसारी से जुड़े लोगों के पास AK-47, 56 से लेकर कई प्रकार की विदेशी रायफलें और मैग्नम की कीमती पिस्तौल मौजूद थी।
मुख्तार अंसारी ने साल 1991 में कल्याण सिंह के कार्यकाल में विश्व हिंदू परिषद के कोषाध्यक्ष और कोयला व्यापारी नंदकिशोर रूंगटा के अपहरण के बाद पंजाब और हरियाणा में फरारी काटी थी। इस दौरान उसने हथियारों का लम्बा-चौड़ा जखीरा जुटा लिया था। उसके बढ़ते रुतबे को देखते हुए साल 1994 में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ने मुख्तार अंसारी को अपने पाले में करने की कोशिश भी की थी। वहीं साल 1994 में मुख्तार अंसारी ने जेल में रहते हुए गाजीपुर का उपचुनाव लड़ा, लेकिन हार गया। इस चुनाव में राजबहादुर चुनाव जीत गए थे। इसके बाद साल 1995 में मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।
भाई अफजाल के सपा में जाने के साथ ही मुख्तार अंसारी का राजनीतिक कद भी बढ़ने की शुरुआत हो गई थी। उसके ऊपर मुकदमे वापस करने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान गाजीपुर में एक IPS अधिकारी से मुख्तार अंसारी की ठन गई थी। वहीं राजनीतिक दबाव के आगे न झुकने पर उन IPS को लम्बी छुट्टी पर जाना पड़ गया था।
साल 2004 में STF ने सेना छोड़ने वाले ऐसे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था जो चुपके से मुख्तार अंसारी को LMG और कारतूस मुहैया करा रहे थे। इस पर एसटीएफ के शैलेन्द्र सिंह ने मुख्तार अंसारी के खिलाफ कार्रवाई करने की इजाजत मांगी थी। लेकिन इजाज़त न मिलने पर उन्हें पुलिस की नौकरी से इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा था। इसके बाद जुलाई 2005 में STF और जौनपुर पुलिस ने कुछ अपराधियों से पूछताछ की। उस पूछताछ में आरोप लगा कि मुख्तार अंसारी वाराणसी के सांसद राजेश मिश्रा की हत्या की साजिश रच रहा था। राजेश मिश्रा मौजूदा समय में भाजपा में आ गए हैं।
इन सब साजिशों, हमलों, षड़यंत्रों, वसूली, अपहरण के आरोप और राजनीतिक कद बढ़ाने की कोशिश के साथ-साथ मुख्तार अंसारी की बृजेश सिंह से दुश्मनी का सफर भी जारी रहा। दोनों गैंगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई गहराती रही। इन दोनों गैंगों ने जातिगत आधार पर नौजवानों को एकजुट करने की कोशिश की और उन्हें कामयाबी भी मिली। इसका सबसे ज्यादा फायदा मुख्तार अंसारी ने उठाया था। मुख्तार अंसारी ने यादवों, भूमिहारों और मुसलमानों का गठजोड़ खड़ा किया था। इसकी बदौलत लम्बे समय तक अफजाल अंसारी विधानसभा में पहुंचते रहे। जैसे-जैसे जातिगत ज़हर ने पूर्वाचल में पांव पसारे वैसे-वैसे बृजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह कमजोर पड़ते गए और मुख्तार अंसारी के पांव लगातार मजबूत होते गए थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.